-
Advertisement
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को सीएम सुक्खू ने अर्पित की पुष्पांजलि: बोले- देश को आर्थिक संकट से उबारा
CM Sukhu pays tributes to former PM Manmohan Singh: सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू( CM Sukhvinder Singh Sukhu) ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के पार्थिव देह के अंतिम दर्शन किए और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। सीएम सुक्खू ने कहा पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश की आँखें नम हैं। देश में आर्थिक संकट था मनमोहन सिंह जी ने देश को आर्थिक संकट से उबारा, गिरवी रखे गए सोने को वापस लाकर देश की गरिमा बचाई।देश के लिए उनका हर कार्य सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
हिमाचल में दो दिन का अवकाश
राज्य सरकार की ओर से जारी किए गए आदेशों के अनुसार सरकारी कार्यालयों में दो दिन का अवकाश (Two days holiday)घोषित किया गया है। यह अवकाश 27 और 28 दिसंबर को रहेगा। इस दौरान सरकारी दफ्तर और स्कूलों के अलावा बोर्ड और निगम के ऑफिस भी बंद रहेंगे। डेली वेजर कर्मचारियों के लिए ये दोनों दिन की छुट्टियां पेड हॉलीडे के रूप में मानी जाएंगी।
एक महान तथा दूरदर्शी नेता
अपने शोक सन्देश में सीएम सुक्खू ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह (Dr. Manmohan Singh)एक महान तथा दूरदर्शी नेता थे, उनका देहावसान राष्ट्र के लिए एक महान क्षति है। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की। उनकी नीतियों और कार्यक्रमों के फलस्वरूप देश ने विश्वभर में एक नई पहचान बनाई। सुक्खू ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान देश में आर्थिक उदारीकरण की नीतियां लागू की गई, जिससे विदेशी निवेश को बढ़ावा मिला। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिससे भारतीय समाज और अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारन्टी अधिनियम (मनरेगा) लागू किया गया। यह योजना गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को रोज़गार प्रदान करने के लिए ऐतिहासिक कदम साबित हुई। उनके कार्यकाल के दौरान सूचना का अधिकार अधिनियम पारित हुआ, जिससे सरकारी कामकाज प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई। उनके कार्यकाल में अनेक महत्वपूर्ण कानून लागू किए गए, जिससे राष्ट्र की प्रगति का मार्ग प्रशस्त हुआ। सीएम सुक्खू ने कहा कि देश को एक अर्थशास्त्री, राजनेता व प्रधानमंत्री के रूप में दी गई सेवाओं और योगदान के लिए डॉ. मनमोहन सिंह को हमेशा याद किया जाएगा।
AICC मुख्यालय लाया जाएगा पार्थिव शरीर
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शनिवार 28 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे दिल्ली स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी मुख्यालय से शुरू होगी। शनिवार सुबह 8 बजे डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से AICC मुख्यालय लाया जाएगा, जहां सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे।
रविंद्र चौधरी