-
Advertisement
चंडीगढ़ पढ़ने गई छात्रा को पहले लगाई ‘चि#ट्टे’ की लत फिर करवाई घर में चोरी
Himachal News: उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए चंडीगढ़ के पास गई बिलासपुर की एक 20 वर्षीय छात्रा के नशे के खतरनाक जाल में फंसने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले छात्रा को ‘चिट्टे’ (हेरोइन) की लत लगाई और फिर उसी नशे की कमजोरी का फायदा उठाकर उससे घर के सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी करवा लिए। मामले में हिमाचल के एक युवक सहित अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।
कैसे सामने आया पूरा मामला?
छात्रा चंडीगढ़ के पास खरड़ में एक पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिवार के अनुसार वह पढ़ाई में बहुत होनहार थी। कुछ दिन पहले पीजी संचालक ने परिजनों को फोन कर बताया कि छात्रा का व्यवहार असामान्य हो गया है, वह नशे की हालत में दिखती है और अपना मोबाइल बंद करके बिना बताए पीजी छोड़कर कहीं चली गई है। घबराए माता-पिता तुरंत चंडीगढ़ पहुंचे। दो दिन की कड़ी तलाश के बाद परिजनों ने उसे एक कमरे में खोज निकाला। परिजनों के मुताबिक, उस कमरे में उनकी बेटी के अलावा हिमाचल का एक युवक, एक अन्य महिला और एक विशेष समुदाय का व्यक्ति मौजूद था। मौके पर नशीले पदार्थ भी पाए गए। परिजनों ने बेटी को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह वहां मौजूद हिमाचली युवक से ही शादी करना चाहती है।
घर पहुंचे तो खुली आभूषण चोरी की पोल
हताश होकर जब परिजन घर (बिलासपुर) लौटे और अलमारियों की जांच की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में रखे सोने और चांदी के कई कीमती आभूषण गायब थे। उन्हें तुरंत शक हो गया कि बेटी नशे की हालत में घर से जेवर अपने साथ ले गई है।
गहनों का सच उगलते ही प्रेमी संग हुई फरार
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने उस युवक के परिवार से संपर्क किया। युवक के परिजनों ने मामले को गंभीरता से लिया और सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों परिवार संयुक्त रूप से फिर चंडीगढ़ पहुंचे। जब दोनों परिवारों के सामने छात्रा से गहनों के बारे में पूछताछ की गई, तो उसने स्वीकार कर लिया कि वह घर से गहने लेकर आई थी। लेकिन पूछताछ के बीच ही, मौका पाकर छात्रा और वह युवक वहां से चकमा देकर फरार हो गए।
युवाओं को निशाना बना रहा गिरोह
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी पूरी तरह नशे की गिरफ्त में आ चुकी है। उन्होंने आशंका जताई है कि चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो बाहर पढ़ने वाले युवाओं, विशेषकर छात्राओं को नशे का आदी बनाकर उनका शारीरिक और आर्थिक शोषण कर रहा है।
घुमारवीं के डीएसपी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “परिजनों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
सुभाष
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

