- Advertisement

HPBOSE ने जारी की TET की ‘अस्थायी उत्तर कुंजी’,टीजीटी,16 तक दर्ज कराएं अपनी आपत्तियां
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), धर्मशाला ने जून-2026 में आयोजित विभिन्न अध्यापक पात्रता परीक्षाओं (TET) की अस्थायी उत्तर कुंजी (Provisional Answer Key) अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दी है। परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अब अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए उत्तर कुंजी को Series-A, B, C एवं D के प्रारूप में जारी किया गया है।
इसके अंतर्गत निम्नलिखित विषयों की परीक्षाएं शामिल हैं:
स्पेशल एजुकेटर टीईटी (प्री-प्राइमरी से कक्षा-5 एवं कक्षा 6 से 12)
टीजीटी (आर्ट्स, मेडिकल, नॉन-मेडिकल, संस्कृत, हिंदी)
जेबीटी (JBT)
पंजाबी टीईटी और उर्दू टीईटी
आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि 16 जुलाई
यदि किसी अभ्यर्थी को बोर्ड द्वारा जारी किए गए किसी उत्तर पर संदेह है, तो वे इसके खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 16 जुलाई, 2026 तय की गई है। अभ्यर्थी अपनी आपत्तियां प्रामाणिक तथ्यों और संबंधित संदर्भ पुस्तकों के साक्ष्यों के साथ बोर्ड की ई-मेल आईडी [email protected] पर भेज सकते हैं।
इसके अलावा, उम्मीदवार कार्य दिवसों में व्यक्तिगत रूप से आकर या डाक के माध्यम से भी बोर्ड कार्यालय में अपनी आपत्तियां जमा करवा सकते हैं। डाक से भेजे गए पत्र 16 जुलाई को शाम 5:00 बजे तक बोर्ड कार्यालय पहुंच जाने चाहिए।
बिना प्रमाण नहीं होगा कोई विचार
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आपत्तियों के मामले में नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा> बिना प्रमाणित तथ्यों और प्रामाणिक साक्ष्यों के प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।16 जुलाई के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी मौखिक अथवा लिखित आपत्ति को सिरे से खारिज कर दिया जाएगा। समय सीमा के भीतर प्राप्त होने वाली सभी वैध आपत्तियों की समीक्षा संबंधित विषय विशेषज्ञों की एक विशेष समिति द्वारा की जाएगी। इस समिति की सिफारिशों के आधार पर ही ‘अंतिम उत्तर कुंजी’ (Final Answer Key) तैयार होगी। इस अंतिम कुंजी को परीक्षा परिणामों के साथ सीधे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में किसी भी अभ्यर्थी को व्यक्तिगत रूप से कोई अलग सूचना नहीं दी जाएगी।
बोर्ड अध्यक्ष ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अस्थायी उत्तर कुंजी का सावधानीपूर्वक अवलोकन कर लें। किसी भी प्रकार की शंका या अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी बोर्ड कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 01892-242134 पर संपर्क कर सकते हैं।
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

