-
Advertisement
चंबा में हादसा : सड़क पर पलट गई सवारियों से भरी हुई बस, 6 हुए घायल
चंबा। हिमाचल प्रदेश में आए दिन हादसे हो रहे हैं। चंबा जिला (Chamba district) में आज सुबह एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। हादसा तीसा उपमंडल के तहत टिकरीगढ़ में हुआ है। इस हादसे में अभी तक किसी के जान जाने की सूचना नहीं है। हादसे में छह यात्रियों को चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ें: गाय चराने जंगल गया था 12 वर्षीय किशोर, टैंक में डूबने से गई जान
यह निजी बस चरढ़ा से भंजराड़ू की तरफ जा रही थी कि देहरोग में मझोगा के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। बस पलटने के बाद पैरापिट से टकराने के बाद वहीं सड़क किनारे रुक गई। अगर बस नीचे गिरती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। जब बस हादसे का शिकार हुई उस समय उसमें काफी सवारियां थीं। कुछ सवारियों को मामूली चोटें ही आई हैं इन सभी को तीसा अस्पताल पहुंचाया है। सवारियों का कहना है कि गाड़ी का ड्राइवर साइड का मेन पट्टा टूटने से यह हादसा हुआ है। लेकिन ड्राइवर ने सूझबूझ से बड़ा हादसा (Big Accident) होने से टाल दिया। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं । इनमें चार लोगों का उपचार सिविल हस्पताल तीसा और दो गंभीर रूप से घायल महिलाएं धारो पत्नी दीन मोहम्मद व परगासू पत्नी भाग सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है।
दुर्घटना में ये हुए घायल
-काबली पुत्र ठाकुरू गांव कठवाड़ डाकघर वघेईगढ़
– भाग सिंह पुत्र वदना गांव कंडोली डाकघर दियोला
– कमल कुमार पुत्र भीम सेन गांव व डाकघर रजेरा
– पारो पत्नी हरदेव गांव पुखरियाल डाकघर टिकरीगढ़
– धारो पत्नी दीन मोहम्मद गांव देहरोग डाकघर टिकरीगढ़
– परगासू पत्नी भाग सिंह गांव घईया डाकघर दियोला
विधानसभा उपाध्यक्ष ने घायलों का कुशल क्षेम जाना
विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ हंसराज ने आज मझौगा ( देहरोग) के समीप निजी बस के सड़क में पलटने से घायल हुए लोगों का सिविल हस्पताल तीसा में कुशल क्षेम जाना। डॉ हंसराज ने घायलों की हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। उप मंडलीय प्रशासन द्वारा चार आंशिक रूप से घायल लोगों के लिए फौरी राहत के रूप में दो हजार रुपयों की राशि जबकि दो गंभीर रूप से घायल महिलाओं को दो हजार पांच सौ रुपए मौके पर प्रदान कर दी गई है।इसके अलावा दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…

