-
Advertisement
हॉरर किलिंग: लव मैरिज से नाराज भाई ने बहन का सिर किया धड़ से अलग
Last Updated on December 6, 2021 by Piyush
औरंगाबाद। महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले से हॉरर किलिंग की घटना सामने आई है। जिले में एक युवक ने अपनी बड़ी बहन की हत्या कर दी। उसका कसूर बस इतना था कि उसने अपने पसंद के लड़के के साथ शादी की। हैरानी की बात तो यह है कि इस घटना में युवक का साथ उसकी मां ने भी दिया था। मृतका का नाम कीर्ति थोरे था। पुलिस ने मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मां और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए औरंगाबाद पुलिस ने बताया कि मृतका ने अपने परिवार वालों के खिलाफ जाकर जून महीने में भागकर अपने प्रेमी के साथ शादी की थी। जिसके बाद वह अपने पति के साथ वैजापूर में रहने लगी। दिसंबर महीने के पहले हफ्ते में उसकी मां शोभा उससे मिलने पहुंची थी।
इसके बाद वह फिर कल यानी 5 दिसंबर को बेटी के ससुराल पहुंची। तभी कीर्ति अपने सास और ससुर के साथ खेत में काम कर रही थी। मां और भाई को आता देख वह दौड़कर घर की तरफ गई। उन्हें कमरे में बिठाकर उनके लिए चाय पानी लाने के लिए कीचन में गई। तभी पीछे से आकर उसकी मां ने उसका पैर पकड़ लिया और भाई ने एक झटके में कीर्ति के सिर को धड़ से अलग कर दिया।
यह भी पढ़ें: अखबारों में शादी का विज्ञापन देकर अपने जाल में फंसाता था आरोपी, ऐसे हुआ मामले का खुलासा
बताया जा रहा है कि जब आरोपी कीर्ति की हत्या कर रहे थे, तभी कीर्ति का पति घर में ही मौजूद था। बीमार होने के चलते वह में सोया हुआ था। जब हत्या के दौरान बर्तन गिरने की आवाज सुनाई दी तो वह कीचन की तरफ गया, उसे देखते ही कीर्ति के भाई ने उसे भी मारने की कोशिश की। लेकिन वह किसी तरह से बचकर भागने में कामयाब रहा।
इधर, कीर्ति का भाई उसका सिर हाथ में लेकर बरामदे की तरफ आया। और ग्रामीणों को दिखाते हुए थाने में खुद को सरेंडर कर दिया। लोगों का कहना है कि उसने सिर के साथ सेल्फी भी ली। लेकिन पुलिस का कहना है, वो जांच का विषय है। हम उसपर अभी कुछ नहीं कह सकते।
मृतक महिला के पति अविनाश संजय थोरे ने पूरी वारदात के बारे में बताया और कहा कि मैं सोया था। मेरी तबियत ठीक नहीं थी, किचन में डिब्बा गिरने की आवाज आई। किचन में गया तो देखा मां ने उसका पैर पकड़ा था और भाई कोयते से गर्दन पर मार रहा था। मैंने बीच में जाने की कोशिश की तो उसने कोयता दिखाया। मैं डर कर भाग गया। 5 महीने पहले हमने आलंदी में जाकर विवाह किया था। इसलिए वो नाराज थे। 8 दिन पहले भी मां आई थी तब मीठी-मीठी बात कर बोला था कुछ नहीं होगा मैं पिताजी को समझा दूंगी और आज आकर ऐसा कर दिया।