-
Advertisement
यहां भालू करता है किसानों की फसलों की रखवाली, 500 रुपए है दिहाड़ी
Last Updated on March 31, 2022 by sintu kumar
किसानों को जंगली जानवरों से अपनी फसलों को बचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। कई जगहों पर ये जानवर खेतों में घुसकर पूरी फसलों को बर्बाद कर देते हैं। दिन-रात किसान अपनी मेहनत से उगाए गए अनाज की रक्षा करते हैं। तेलंगाना में एक ‘भालू’ को खेतों की रक्षा के लिए तैनात कर रखा है। इतना ही नहीं इसके बदले उसे 500 रुपए दिहाड़ी भी दी जा रही है। अब सवाल यह है कि भालू खेतों की रखा कैसे कर सकता है और वो दिहाड़ी कैसे लेता होगा। चलिए पूरा माजरा समझते हैं।
यह भी पढ़ें- आम करेगा मालामाल: पेड़ों पर आया बौर दे रहा संकेत, इस बार होगी बंपर फसल
दरसअल, कई जगहों पर किसान खेती के दौरान जानवरों से काफी परेशान रहते हैं। ऐसे में तेलंगाना के सिद्दीपेट के एक किसान ने गजब का जुगाड़ भिड़ाया। यहां जंगली सूअर और बंदर फसल को लगातार बर्बाद कर रहे हैं। लिहाजा, इन जानवरों से फसल को बचाने के लिए भालू की ‘हायरिंग’ हुई है। यहां के लोग भालू बनकर खुद खेतों में घूम रहे हैं। इस पर वन अधिकारियों को भी कोई आपत्ति नहीं है। परिणाम ये हुआ कि फसले तबाह होने से बच गई और यह आइडिया भी सफल हो गया।
किसानों का कहना है कि कई खेत जंगल से सटे हैं। फसलों की कटाई के मौसम में बंदर और जंगली सूअर से किसान परेशान रहते हैं। ये जानवर खेतों में घुसकर फसलों को बर्बाद कर देते हैं। लिहाजा, हमने सोचा अगर कोई खूंखार जानवर घूमता नजर आएगा तो ये नहीं आएंगे और फसलों को नुकसान नहीं पहुंचा पाएंगा। इसलिए, हमने ये आइडिया लगाया और कामयाब भी हो गए। किसानों ने 10 हजार रुपए में भालू के कॉस्ट्यूम मंगाए। वर्कर भालू वाला कॉस्ट्यूम पहनकर सुबह और शाम खेतों में घूमता है। इतना ही नहीं इस काम के लिए वर्कर को 500 रुपए दिहाड़ी भी दी जाती है।