-
Advertisement
दुबई क्राउन प्रिंस की SUV पर चिड़िया ने घोंसला बना कर दिए अंडे; अब बच्चों के बड़े होने तक नहीं चलेगी गाड़ी
नई दिल्ली। बेजुबान जानवरों का ख्याल रखने और उनके कल्याण के लिए किए जाने वाले ढेरों कार्यों के बारे में आपने देख या सुन रखा होगा, लेकिन आज हम आपको एक ऐसे वाकये के बारे में बताने जा रहे हैं। जो सुनने में थोड़ा अजीब जरूर है लेकिन अपने आप में बेमिसाल भी है। मामला दुबई का है, जहां क्राउन प्रिंस शेख हमदन बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम (Sheikh Hamdan bin Mohammed bin Rashid Al Maktoum) ने कबूतरों द्वारा उनकी मर्सिडीज़ एसयूवी (Mercedes SUV) पर घोंसला बनाने के बाद उस गाड़ी का इस्तेमाल करने से मना कर दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने इस घोंसले की देखभाल भी करवाई। उन्होंने अपने कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि जब तक चिड़िया के बच्चे बड़े नहीं हो जाते तब तक यह गाड़ी नहीं चलेगी।
कभी-कभी ज़िंदगी में छोटी-छोटी चीज़ें ही काफी होती हैं
उन्होंने अंडों से बाहर निकलने में चूज़ों की मदद कर रहे कबूतरों का टाइम लैप्स वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘कभी-कभी ज़िंदगी में छोटी-छोटी चीज़ें ही काफी होती हैं।’ दुनियाभर के पक्षीप्रेमी उनकी तारीफ कर रहे हैं। क्राउन प्रिंस द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में दिख रहा है कि चिड़िया के बच्चे अंडे से बाहर निकलते हैं और अपनी मां के साथ खेलने लगते हैं। कुछ ही समय बाद मां बच्चों को खाना खिलाने लगती है। पिछले हफ्ते भी क्राउन प्राइस ने कार के बोनट पर मां पक्षी का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया था और बताया था कि वो तब तक इस कार का इस्तेमाल नहीं करेंगे, जब तक बच्चे अंडों से ना निकल जाएं।
यह भी पढ़ें: देश में पहली बार बिकेगा गधी का दूध, तीन बड़ी बीमारियों से लड़ने की क्षमता ; 7,000 होगी कीमत
अब लोग क्राउन प्रिंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘आप सच में प्रिंस हैं। पक्षियों के लिए आपके दिल में बहुत प्रेम है।’ वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, आपका दिल सोने का है। आज के जमाने में कौन इतनी छोटी बात को सोचता है। आपने जो किया, उससे मेरा दिल भर गया। आपको बहुत सारा प्यार। आपको बता दें कि दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान इंस्टाग्राम पर बहुत पॉपुलर हैं। इंस्टाग्राम पर दुनिया उन्हें ‘फजा’ के नाम से जानती है।