-
Advertisement

नयना देवी के गेस्ट हाउस में पंजाब के शख्स का शव, चिट्टे से मौ#त की आशंका
Person Found Dead in Bilaspur: हिमाचल में नशे की ओवर डोज से मौत से कई मामले सामने आए हैं। इसी बीच बिलासपुर जिला के तहत पुलिस थाना कोट कहलूर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। श्री नयना देवी क्षेत्र के एक निजी गेस्ट हाउस में पंजाब के व्यक्ति का शव मिला है। आशंका है कि शख्स की मौत चिट्टे की ओवरडोज से हुई है। मृतक की जेब से सिरिंज और सूई भी बरामद हुई है। मृतक की पहचान सोमनाथ (50) निवास क्वालिटी चौक प्रीत नगर डाकघर शिमलापुरी जिला लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो लोग रुके थे, एक की मौत, दूसरा फरार
जानकारी के अनुसार श्री नयना देवी के एक निजी गेस्ट हाउस में दो व्यक्ति रुके हुए थे। सुबह पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि गेस्ट हाउस में एक व्यक्ति मृत पड़ा हुआ है। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के साथ जो दूसरा व्यक्ति था, वह घटना के बाद मौके से भाग गया है। पुलिस को शव की जांच के दौरान मृतक की जेब से एक सिरिंज और एक सुई बरामद की गई। शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिलासपुर अस्पताल भेज दिया। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
सुभाष