-
Advertisement
चिंतपूर्णी के पास भटेड़ में मिला डिफ्यूज रॉकेट का एक टूटा हुआ हिस्सा, पुलिस मौके पर
Himachal News: ऊना जिला के चिंतपूर्णी के नजदीक बेहड़ भटेड़ गांव में डिफ्यूज रॉकेट का एक टूटा हुआ हिस्सा मिला है। स्थानीय लोगों ने आज सुबह रॉकेट पार्ट देख कर इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद चिंतपूर्णी पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच के लिए एक्सपर्ट मौके पर बुलाए गए हैं।
आसमान में पहले रोशनी सी देखी फिर धमाका
जहां पर रॉकेट का टूटा पार्ट मिला है, वो क्षेत्र पंजाब के साथ लगता एरिया है। यहां से कुछ दूरी पर बेहड़भटेड़ गांव है, जिसकी आबादी 300 से ज्यादा बताई जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है रात 1 बजकर 30 मिनट पर आसमान में पहले रोशनी सी देखी और धमाके के बाद रॉकेट का टूटा हुआ हिस्सा खाली जगह पर गिरा। स्थानीय लोगों ने आज सुबह के वक्त इसको देखा। इसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग भी पहुंचे। पुलिस और प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई है।
विशेषज्ञ की टीम जांच में जुटी
जाहिर है ऊना प्रशासन पाकिस्तान के संभावित हमले को लेकर पहले ही अलर्ट है। रात को जिले में ब्लैक आउट रखा गया। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रात लगभग 1:30 बजे अंब उपमंडल के तहत भरवाईं क्षेत्र के बेहड़भटेड़ गांव में गैर-आबादी वाले क्षेत्र में धातु का संदिग्ध उपकरण नुमा एक टुकड़ा पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह टुकड़ा निष्क्रिय प्रतीत हो रहा है। अब विशेषज्ञ की टीम इसकी जांच में जुट गई है। पुलिस ने संदिग्ध उपकरण मिलने की पुष्टि की है।
सुनैना जसवाल

