-
Advertisement
कुल्लू के त्रेहण में HRTC की बस दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत, 5 घायल
Last Updated on June 14, 2023 by sintu kumar
कुल्लू। कुल्लू के भुंतर-निरोगी मार्ग पर एचआरटीसी की बस बुधवार शाम दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। बस में सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है।
हादसा त्रैहण के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार HRTC की बस एचपी 66- 1730 निरोगी से भुंतर आ रही थी। तभी संतुलन खोकर बस सड़क से नीचे जा गिरी। पुलिस अधीक्षक कुल्लू साक्षी वर्मा ने बताया कि इस घटना में अब तक दो लोगों की मौत होने की जानकारी है, जबकि 5 घायल हुए हैं। अभी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। कितने लोग बस में सवार थे, इस बात की जानकारी जुटाई जा रही है।
सीएम ने जताया शोक
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कुल्लू के उपायुक्त से दूरभाष पर सम्पर्क कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की और हादसे के प्रभावितों को अनुग्रह राशि तुरंत जारी करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ज़िला प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए एवं घायलों को 15-15 हजार रुपए की त्वरित राहत राशि प्रदान की गई है।
यह भी पढ़े:सुजानपुर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 18 हुए घायल