-
Advertisement
केंद्रीय मंत्री से बोले सीएम सुक्खू: वन स्वीकृतियां ना मिलने से लटके हिमाचल के विकास कार्य
Last Updated on February 27, 2023 by Vishal Rana
शिमला। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव (Union Minister Bhupender Yadav) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय वन मंत्री के साथ हिमाचल प्रदेश की विभिन्न वन परियोजनाओं एवं लंबित स्वीकृतियों के विषय में विस्तृत चर्चा की। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण, राज्य को वर्ष 2025 तक हरित ऊर्जा राज्य बनाने की दिशा में आवश्यक ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण तथा विद्यालयों के भवन निर्माण सहित सरकार की प्रमुख योजनाओं के लिए आवश्यक वन स्वीकृतियों में तेजी लाने का आग्रह किया।
सीएम सुक्खू ने केंद्र सरकार से वन मामलों संबंधी स्वीकृतियां शीघ्र प्रदान करने का किया आग्रह
सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत राज्य में हेलीपोर्ट (Heliport) निर्मित किए जाने आवश्यक हैं। इससे जहां राज्य में पर्यटकों (Tourists) को आवागमन में सुविधा होगी, वहीं स्थानीय निवासियों को आपातकालीन स्थिति में शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाई जा सकेगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि हेलीपोर्ट निर्माण के लिए लंबित आवश्यक वन स्वीकृतियों (Forest Clearances) के विषय में अविलंब निर्णय लिया जाए।
वन भूमि पर बनाए जाएंगे ई वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन
सीएम सुक्खू (CM Sukhu) ने केंद्रीय वन मंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश सरकार हिमाचल में पूर्ण रूप से ई-वाहन (e-Vehicle) अपनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ई-वाहनों के लिए पर्याप्त संख्या में चार्जिंग स्टेशन (Charging Station) के निर्माण के लिए प्रदेश के सभी राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के दोनों ओर ग्रीन कॉरिडोर निर्मित किए जाने हैं। उन्होंने आग्रह किया कि इन कार्यों में गति लाने के लिए वन भूमि के संबंध में विभिन्न स्वीकृतियां समय पर प्रदान की जाएं।
वन स्वीकृतियां ना मिलने से स्कूल भवन निर्माण लटके
सीएम ने कहा कि राज्य में कुछ जगह पर वन स्वीकृतियों में विलंब के कारण स्कूल भवन निर्माण (School Building Construction) इत्यादि के कार्य में अनावश्यक देरी हो रही है। उन्होंने आग्रह किया कि इन मामलों में स्वीकृतियां शीघ्र प्रदान की जाएं। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के वन अधिकारी वन अधिकार अधिनियम, वन संरक्षण अधिनियम सहित अन्य विषयों पर केंद्रीय स्तर पर और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि स्वीकृतियां समय पर प्राप्त हो सकें। उन्होंने प्रदेश के जल अभ्यारण्यों एवं इको टूरिज्म दिशा निर्देशों के संबंध में भी विस्तृत विचार-विमर्श किया। केंद्रीय मंत्री ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। वहीं सीएम सुक्खू ने केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को हिमाचल आने का निमंत्रण भी दिया।