-
Advertisement

Himachal कांग्रेस को लेकर दिल्ली में अहम चर्चा, गतिविधियां हुई तेज
Rajni Patil : नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू (CM Sukhvinder Singh Sukhu) दिल्ली प्रवास पर हैं। इसी बीच आज उनकी पार्टी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात हुई है। रजनी पाटिल के प्रभारी बनने के बाद दोनों के बीच ये पहली मुलाकात है। रजनी पाटिल को हाल ही में हिमाचल कांग्रेस (Himachal Congress) का जिम्मा मिला है। उन्हें राजीव शुक्ला की जगह लगाया गया है। ये दूसरी मर्तबा है कि रजनी को हिमाचल मामलों की प्रभारी बनाया गया हो। रजनी पाटिल वर्तमान में रास सदस्य हैं।
गांधी परिवार ने स्थितियों को कंट्रोल में लाने को रजनी को दिया जिम्मा
रजनी को हिमाचल में ये जिम्मेदारी उस वक्त दी गई है, जब प्रदेश की कांग्रेस सरकार आर्थिक मोर्चे पर बुरी तरह से पिट चुकी है। इसके साथ ही बीते सौ दिनों से ज्यादा का वक्त संगठन पंगु बने हो चुका है। ठीक उस वक्त गांधी परिवार (Gandhi Family) ने स्थितियों को कंट्रोल में लाने के लिए रजनी पाटिल को हिमाचल का जिम्मा देना ही ठीक समझा। अब उम्मीद की जा सकती है कि रजनी पाटिल सरकार व संगठन दोनों ही मोर्चों पर बेहतरीन तरीके से प्रदर्शन करेंगी।
पहले भी समन्वय स्थापित करने में की थी कड़ी मेहनत
रजनी पाटिल (Rajni Patil) इससे पहले जब हिमाचल की प्रभारी हुआ करती थी उस वक्त उन्होंने वीरभद्र सिंह और तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच समन्वय स्थापित करने में कड़ी मेहनत की थी। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी में बढते असंतोष पर अंकुश लगाने के लिए ही उन्हें हिमाचल का जिम्मा दिया गया है। क्योंकि वह पहले भी हिमाचल प्रभारी रही हैं और उस दौरान उन्होंने अच्छा काम किया था। अब भी पार्टी उनसे उसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद में है। माना जा रहा है कि आज दोनों नेताओं के बीच सरकार व संगठन को लेकर चर्चा हुई है। हालांकि ये पहली मुलाकात थी,अब धीरे-धीरे इस पर काम शुरू होगा।
-पंकज शर्मा