-
Advertisement

कांग्रेस के पास विक्रमादित्य जैसा टॉप का हीरो, जो समझता है लोगों की परेशानियां
Lok Sabha Election 2024: सीएम ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhvinder Singh Sukhu) ने आज कुल्लू जिले के आनी में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया और कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विक्रमादित्य के पक्ष में प्रचार किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि कंगना रनौत (Kangana Ranaut) हिमाचल प्रदेश की बेटी और एक अच्छी अदाकारा हैं। लेकिन कांग्रेस के पास विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) जैसा टॉप का हीरो है, जो आम लोगों की परेशानियों को समझता है और जनसेवा ही उसका एकमात्र ध्येय है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य ने आपदा के समय भी बढ़चढ़ काम किया और आपदा प्रभावित सड़कों को बहाल करवाया।

निर्देशक फ्लॉप हो तो फिल्म कभी सफल नहीं होती
सीएम ने कहा कि एक्टर चाहे कितना भी अच्छा क्यों ना हो, अगर निर्देशक फ्लॉप हो तो फिल्म कभी सफल नहीं होती। 25 सीटों वाले डायेक्टर ने कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य के डर से चुनाव में अपने को दूर रखने के लिए कंगना को 40 दिन की शूटिंग के लिए राजी कर लिया, लेकिन फ्लॉप निर्देशक (Flop Director) की फिल्म फ्लॉप होना तय है। आपदा के दौरान वर्तमान राज्य सरकार ने कुल्लू जिले में फंसे 75 हजार पर्यटकों को घर पहुंचाया और रिकॉर्ड 48 घंटे के समय में बिजली, पानी और सड़क सुविधा को अस्थाई रूप से बहाल करवाया। आपदा के बावजूद बागवानों का एक-एक सेब मंडियों तक पहुंचाया गया। सेब के न्यूनतम समर्थन मूल्य में राज्य सरकार ने ऐतिहासिक डेढ़ रूपए की वृद्धि कर इसे 12 रूपए किया है। आपदा में बीजेपी ने केवलमात्र राजनीति की और आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी नहीं हुई।

हिस्सेदारी नहीं बढ़ाई तो टेकओवर करेंगे सुन्नी और लूहरी परियोजनाएं
वहीं, सीएम सुक्खू ने आज कुल्लू जिले के नीरथ में लूहरी जल विद्युत परियोजना के प्रभावितों के साथ मुलाकात की और उनकी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं एक आम परिवार से आते हैं, इसलिए आम आदमी के दुख दर्द से भली-भांति से परिचित हैं। पिछली बीजेपी सरकार ने जल विद्युत परियोजनाओं में हिमाचल प्रदेश के हितों को गिरवी रखा जिसके कारण हिमाचल प्रदेश को कोई लाभ नहीं मिल रहा है जबकि बड़ी-बड़ी कंपनियां हिमाचल प्रदेश के संसाधनों का उपयोग कर चांदी कूट रहीं हैं। सीएम ने कहा कि एसजेवीएनएल कंपनी के साथ लूहरी और सुन्नी जल विद्युत परियोजनाओं में राज्य की हिस्सेदारी बढ़ाने का मामला उठाया गया है। इस संबंध में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से भी बात की गई है और कानूनी लड़ाई भी लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश की संपदा को लूटने नहीं देंगे और अगर कंपनी ने हिमाचल की हिस्सेदारी नहीं बढ़ाई तो सुन्नी और लूहरी जल विद्युत परियोजनाओं को टेकओवर किया जाएगा।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जल विद्युत परियोजना के प्रभावितों के हितों को सुरक्षित रखा जाएगा और उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार आम आदमी की सरकार है और पहले दिन से ही गरीब और गांव की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है। वर्तमान राज्य सरकार के प्रयासों के चलते ही हिमाचल प्रदेश के राजस्व में 2200 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है।