-
Advertisement

हिमाचल के कई जगहों पर किसानों का प्रदर्शन जारी, राजधानी में विक्ट्री टनल जाम
हिमाचल अभी अभी टीम। नए कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा (Sanyukt Kisan Morcha) और संयुक्त किसान मंच (Sanyukt Kisan Manch) के बंद का असर हिमाचल में भी मिला जुला दिख रहा है। राजधानी शिमला (Shimla) सहित कई जिला मुख्यालयों और राजमार्गों पर किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, शिमला के विक्ट्री टनल के पास संयुक्त किसान मंच ने चक्का जाम किया। जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब से सटे ऊना जिले में बंद का व्यापक असर दिख रहा है।
यह भी पढ़ें : किसानों ने बुलाया आज भारत बंद, देश भर में दिख रहा बंद का मिलाजुला असर
ऊना में दिखा व्यपाक असर
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बुलाये गए भारत बंद के दौरान आज किसान मजदूर संगठनों ने जमकर हल्ला बोला। इस दौरान शहर के पुराना बस अड्डा चौक पर चक्का जाम करते हुए यातायात को भी बाधित रखा गया। किसान संगठनों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कृषि कानून वापस लेने से कम उन्हें कुछ भी मंजूर नहीं है। ऐसे में सरकार हठ धर्म छोड़कर किसानों की बात को सीधी तरह से मान लें।
किसान नेता विजय शर्मा ने कहा कि पूरे देश का किसान और मजदूर वर्ग इस मामले में एकजुट है। जल्द सरकार को नाकों चने चबाने को मजबूर किया जाएगा। विजय शर्मा ने कहा कि किसानों के साथ वार्ता के लिए सरकार ने ऐसे लोगों को मध्यस्थ बनाया हुआ है, जिन्हें खेती कारोबार के बारे में पता ही कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार देश के बड़े औद्योगिक घरानों के सामने बिक चुकी है। यही कारण है कि सरकार उनके दबाव में आकर यह तीनों कृषि कानून वापस लेने से गुरेज कर रही है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 28 को प्रदेश भर में होगा प्रदर्शन
नाहन में प्रदर्शन
भारतीय किसान यूनियन के भारत बंद के आह्वान पर संयुक्त किसान मोर्चा ने जिला मुख्यालय नाहन में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में भाग लेने विशेष तौर पर पावंटा साहिब से संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य नाहन पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संयुक्त किसान मोर्चा सिरमौर के संयोजक तरसेम सिंह ने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि जब तक केंद्र सरकार द्वारा तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया जाएगा, तब तक किसानों का यह आंदोलन जारी रहेगा। तरसेम ने प्रदेश सरकार को चेताते हुए कहा कि स्थानीय किसानों की धान की फसल तैयार हो चुकी है। जिसकी खरीद गेहूं की तर्ज पर एक अक्टूबर शुरू हो जानी चाहिए नहीं तो किसानों को बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
हमीरपुर में भी विरोध प्रदर्शन
सीएम के गृह जिले में मचा बवाल
भारतीय किसान यूनियन के भारत बंद के आह्वान को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में किसानों द्वारा जोरदार हुंकार भरी है। इसके तहत सोमवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत,बल्ह बचाओ किसान संघर्ष समिति और सीटू के बैनर तले मंडी के बल्ह से किसानों द्वारा ट्रैक्टर रैली निकाली गई। इसके उपरांत किसानों ने एसडीएम बल्ह स्मृतिका ठाकुर के माध्यम से एक ज्ञापन भी प्रेषित किया गया।
किसानों ने अपने प्रदर्शन को अभी मात्र एक ट्रेलर बताया है और मांगे न मानने की सूरत में भविष्य में बड़े स्तर पर प्रदेश में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी है। किसानों ने कहा कि तीन काले कानूनों के खिलाफ पिछले 10 महीनों से दिल्ली में किसान संघर्षरत हैं। लेकिन सरकार द्वारा उनका लगातार दमन किया जा रहा है। वही प्रदेश सरकार द्वारा बल्ह की उपजाऊ भूमि को खत्म कर उस पर एयरपोर्ट बनाया जा रहा है जिसे किसान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मंडी का किसान दिल्ली में संघर्ष कर रहे किसानों के भारत बंद को पूर्ण रूप से समर्थन दे रहा है,जिसको लेकर क्षेत्र में रैली का आयोजन किया गया है।