-
Advertisement
मंडी के ढुंगाथर से उड़ान भरेंगे मानव परिंदे, पर्यटन कारोबार को लगेंगे पंख
Last Updated on February 23, 2024 by Himachal Abhi Abhi
Paragliding: गोहर। मंडी जिला नाचन हलके के देवीदहड़ पर्यटन स्थल के नजदीक ढुंगाथर भी अब पैराग्लाइडिंग (Paragliding)से जुड़ गया है। इस जगह से भी अब पैराग्लाइडर उड़ान भरेंगे। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली (ABVIMAS) की सिफारिश के बाद पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग ने इस साइट को टेंडम और सोलो उड़ान भरने के लिए अधिसूचित (Notified) कर दिया है। पंजीकृत पायलट अब इस साइट से उड़ान भर सकेंगे। इससे पर्यटन कारोबार को पंख लगेंगे। इस साइट पर दिनभर उड़ानें होंगी।
पैराग्लाइडिंग का ट्रायल किया गया था
अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली की टीम ने वन विभाग और पर्यटन विभाग की टीम के साथ ढुंगाथर में पैराग्लाइडिंग का दूसरी बार सफल ट्रायल(Successful Trial) किया था। इससे पहले भी पूर्व की जयराम सरकार (Jairam Sarkar) के समय ढुंगाथर में पैराग्लाइडिंग का ट्रायल किया गया था। इसमें कुछ खामियां पाए जाने पर दोबारा से इस साइट पर ट्रायल करने के निर्देश जारी हुए थे।
साइट के लिए ऑपरेटर पंजीकृत किए जाएंगे
संस्थान की तकनीकी टीम, जिला पर्यटन अधिकारी मनोज कुमार और डीएफओ नाचन एसएस कश्यप की मौजूदगी में साइट का संयुक्त निरीक्षण किया गया था। इसमें अलग-अलग समय में हवा के रुख को जांचने के साथ अन्य चीजें परखी गई थी और ट्रायल सफल रहा था। ढुंगाथर टॉप टेक ऑफ साइट रहेगा और लैंडिंग जाच्छ के समीप होगी। अधिसूचना के बाद अब इस साइट के लिए ऑपरेटर पंजीकृत किए जाएंगे। जो कि यहां टेंडम और सोलो उड़ान भरेंगे। एडीटीओ रितेश पटियाल ने कहा कि
ढुंगाथर साइट को अधिसूचित कर दिया गया है। अब यहां आपरेटर पंजीकृत किए जाएंगे। इसके बाद यहां पैराग्लाइडिंग का लुत्फ पर्यटक व अन्य उठा पाएंगे।
-संजीव कुमार