-
Advertisement
First Hand:राष्ट्रपति की राज्यपाल के साथ बातचीत में Tibetan मूल के व्यक्ति पर हुई चर्चा
Last Updated on March 27, 2020 by saroj patrwal
शिमला/ दिल्ली। राष्ट्रपति (President) रामनाथ कोविंद व उप-राष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने आज वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से कोरोना वायरस से उत्पन्न हुई स्थिति का ताजा अपडेट लिया। इस अवसर पर राज्यपाल (Governor) बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस को लेकर स्थिति नियंत्रण में है और वह स्वयं भी नियमित रूप से स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह सीएम जयराम ठाकुर, मुख्य सचिव, स्वास्थ्य सचिव तथा अन्य अधिकारियों के निरंतर सम्पर्क में हैं। प्रदेश में पूर्ण समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। दत्तात्रेय ने कहा कि उन्होंने मजदूरों, असंगठित क्षेत्र के कर्मियों, और प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में सरकार के प्रबंधों की समीक्षा कर के अधिकारियों को उचित आदेश दिए हैं। उनके लिए राशन, दवाओं, भोजन, और पानी की समुचित व्यवस्था बनाये रखने के लिए कहा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी तक 2248 लोग विदेश से आए हैंए इन सब को निगरानी में रखा गया है। इनमे से 633 लोग असिमटोमेटिक थे, जिन्होंने 28 दिन की क्वारंटाइन अवधि पूरी कर ली है। 184 लोग राज्य छोड़ कर चले गए हैं। 26 मार्च तक प्रदेश में कुल 133 लोगों के सेंपल जांचे गए हैं जिन में से तीन मामले पॉजीटिव पाए गए। इनमें से एक तिब्बती मूल के व्यक्ति की 23 मार्च को मृत्यु हो गई। 68 वर्षीय तिब्बती (Tibetan) अमेरिका से वापस मैक्लोडगंज आया था। उसके सभी संपर्कों की पहचान करके आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अभी प्रदेश में 1422 लोग घरों में क्वारंटाइन में हैं। प्रदेश मे सभी जरूरी सेवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। राशन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। स्वास्थ्य संस्थानों में मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल, आइसोलेशन वार्ड बना दिए गए हैं। राज्यपाल ने कहा कि राज्य स्तर पर इस महामारी को देखते हुए रेडक्रॉस की भूमिका को लेकर बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। रेडक्रॉस शाखाएं जिलों में गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजनए पानी, दवाइयां आदि उपलब्ध करवा रही हैं।
रेडक्रॉस सोसाइटियों द्वारा जिला स्तर पर स्वयं सेवी संगठनों के साथ मिल कर मास्क, प्रोटेक्टिव गियर आदि बनाने का काम भी शुरू किया है जो चिकित्सकों के सहयोगियों और सफाई कर्मियों के लिए उपयोगी हैं। राज्यपाल के सचिव राकेश कंवर,राजभवन के अधिकारी और एनआईसी के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।