-
Advertisement
हिमाचल: उफान पर आई ब्यास नदी ने बदला अपना रूख, कई घर करवाए खाली
Last Updated on August 8, 2022 by Vishal Rana
मनाली। हिमाचल में भारी बारिश (Rain) से नदियां उफान पर हैं। पर्यटन नगरी मनाली (Manali) में ब्यास नदी (Beas River) ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। पहाड़ों पर बीती रात से हो रही बारिश से ब्यास नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। यही नहीं ब्यास नदी ने वशिष्ठ चौक के पास अपना रूख सड़क की तरफ बदल लिया है। जिससे सड़क का काफी हिस्सा नदी में बह गया है। वहीं नदी किनारे के आसपास के घरों को भी खाली करवा लिया (Evacuated The Houses) गया है। हालांकि अभी तक मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी है, लेकिन अगर ब्यास नदी का जलस्तर नीचे नहीं आया तो शायद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो सकती है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: पानी हुआ जब सिर से ऊपर तो खफा रिटायर्ड कर्मी उतरे सड़क पर
ब्यास नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने वशिष्ठ चौक के पास वाले घरों को खाली करवा दिया है। बाहंग में भी कुछ घर खाली करवाए गए हैं। इसके अलावा मनाली प्रशासन (Manali Administration) ने पलचान से लेकर पतलीकूहल तक लोगों को सतर्क कर दिया है और सचेत रहने को कहा है। वशिष्ठ के ग्रामीणों का कहना है कि सुबह लगभग चार बजे ब्यास नदी में बाढ़ आ गई। नदी की भयानक आवाज सुनकर लोग सहम गए थे।
उन्होंने बताया कि बाहंग व वशिष्ठ चौक के पास नदी किनारे रहने वाले लोग घर छोड़कर भागने को मजबूर हो गए। एसडीएम मनाली (SDM Manali) डॉ. सुरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि ब्यास नदी में बाढ़ आ गई है। नदी का रुख घरों की तरफ हो गया है। नदी किनारे खतरे वाले घरों को खाली करवाया गया है। पलचान से पतलीकूहल तक लोगों को सतर्क कर दिया है। बीआरओए जल शक्ति विभाग के बीडीओ नग्गर के साथ संयुक्त दौरा किया जाएगा और नुकसान का जायजा लिया जाएगा।