- Advertisement -
शिमला। सीबीआई के पूर्व निदेशक अश्विनी कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ संजौली स्थित श्मशान घाट पर हुआ।इस मौके पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, पूर्व मंत्री जीएस बाली, मुख्य सचिव अनिल खाची और डीजीपी संजय कुंडू सहित जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले गुरुवार सुबह आईजीएमसी में अश्विनी कुमार का पोस्टमार्टम हुआ। जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व डीजीपी अश्वनी कुमार ने बुधवार देर शाम फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली थी। उनके नाम का सुसाइड लेटर भी बरामद हुआ अश्विनी कुमार ने अपने सुसाइड नोट में अंगदान करने की भी इच्छा जताई थी। सीएम जयराम ठाकुर सहित प्रदेश के नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।
अश्विनी कुमार का जन्म नाहन में हुआ था। वह 1973 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। 2006 से लेकर 2008 तक हिमाचल के डीजीपी रहे। इसके साथ ही सीबीआई व एसपीजी में विभिन्न पदों पर रहे। अगस्त 2008 से नवंबर 2010 के बीच वह सीबीआई के निदेशक रहे। पूर्व पीएम राजीव गांधी की सुरक्षा में भी अश्विनी कुमार तैनात थे। मार्च 2013 में रिटायरमेंट के बाद वे नागालैंड के राज्यपाल बनाए गए तो काफी विवाद भी हुआ था। हालांकि वर्ष 2014 में उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। इसके बाद वह शिमला में एक निजी विश्वविद्यालय के वीसी भी रहे।
- Advertisement -