- Advertisement -
गुरुग्राम। पूर्व क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में केबिनेट मंत्री का पद संभाल रहे चेतन चौहान (73) (Chetan Chauhan) का रविवार को निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद उनका गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। चेतन चौहान की एक दिन पहले ही तबीयत और बिगड़ गई थी। उनकी किडनी फेल हो गई थी। जिसके कारण उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। वहीं, आज लगभग 4:30 बजे चेतन चौहान का निधन कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ। पिछले महीने वे संक्रमित हुए थे। बीच में दो बार चौहान की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद फिर पॉजिटिव आई थी। कोरोना पॉजिटिव (Covid-19 positive) आने के बाद चेतन चौहान को किडनी और ब्लड प्रेशर से जुड़ी दिक्कतें शुरू हो गई थीं।
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में चौहान के पास सैनिक कल्याण, होमगार्ड, पीआरडी और नागरिक सुरक्षा मंत्रालय थे। वे दो बार लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। चेतन चौहान ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट से 1991 में अमरोहा में चुनाव लड़ा और वे वहां से सांसद चुने गए। इसके बाद एक बार फिर 1996 में बीजेपी ने उन्हें इसी मैदान में चुनावी जंग के लिए उतारा, लेकिन इस बार वे हार गये। 1998 में चेतन चौहान एक बार फिर सांसद चुने गए। वहीं, साल 1999 और 2004 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। फिलहाल वे अमरोहा जिले की नौगांवा विधानसभा के विधायक हैं।
चेतन चौहान ने टीम इंडिया के लिए 1969 से 1978 के बीच 40 टेस्ट खेले थे। इनमें उन्होंने 31.54 की एवरेज से 2084 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 97 रन रहा। चेतन ने 7 वनडे में 153 रन बनाए। चौहान और सुनील गावस्कर की ओपनिंग जोड़ी 1970 के दशक में काफी सफल रही थी। दोनों ने मिलकर 10 शतकीय साझेदारियां कीं और 3 हजार से ज्यादा रन बनाए। चेतन घरेलू क्रिकेट में दिल्ली और महाराष्ट्र की टीम से खेले थे।
- Advertisement -