-
Advertisement
स्वास्थ्य मंत्री ने किया eBlood Services App का शुभारंभ; अब आसानी से मिल सकेगा खून
Last Updated on June 25, 2020 by Deepak
नई दिल्ली। देश में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच ‘इंडियन रेड क्रॉस सोसाएटी’ की पहल के तहत एक खास सर्विस की शुरुआत की गई है। कोविड-19 (Covid-19) के खिलाफ जंग को मजबूती देने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन (Dr. Harshvardhan) ने गुरुवार को ‘ई ब्लड सर्विस ऐप’ (eBlood Services App) का शुभारंभ किया। डॉ हर्षवर्धन ने ऐप के शुभारंभ के मौके पर बताया कि भारतीय रेड क्रॉस ने जरुरतमंदों तक रक्त की आपूर्ति को सरल बनाने के लिए यह ऐप बनाया है। शुरूआती दौर में इसकी सेवा दिल्ली में लागू की जा रही है। उन्होंने बताया कि जरूरत के वक्त मरीजों के परिजन रक्त के लिए एक जगह से दूसरे जगह परेशान होकर दौड़ते हैं। इस ऐप से यह परेशानी खत्म होगी।
इस ऐप की मदद से लोग चार यूनिट तक खून की मांग कर सकते हैं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि जिन लोगों को रक्त की जरूरत होगी, वे खुद को ऐप पर पंजीकृत कर सकते हैं। इससे उन्हें पता चल जाएगा कि रक्त कहां मिल सकता है। डॉ हर्षवर्धन ने बताया कि इस ऐप की मदद से लोग चार यूनिट तक खून की मांग कर सकते हैं। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के ब्लड बैंक उनके लिए 12 घंटे तक इंतजार करेंगे। इस दौरान रक्तदान करने वाले लोग वहां जाकर अपने रक्त को दान भी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: नहीं प्रिंट हो सका है ECHS कार्ड: तो 31 दिसंबर तक अस्थायी स्लिप पर ही करवाएं इलाज
बता दें कि इसके पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने दिल्ली में COVID19 टेस्ट के लिए भारत की पहली मोबाइल लैब लॉन्च की थी। इसे देश के ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, ये प्रतिदिन 25 RT-PCR टेस्ट, 300 ELISA टेस्ट कर सकती है। इस दौरान डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा था कि हमने कोविड टेस्टिंग की लड़ाई 1 फरवरी से एक लैब से शुरू किया था।आज देश भर में हमारे पास 953 लैब हैं। इन 953 में से लगभग 699 सरकारी लैब हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों में टेस्ट की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे इंनोवेशन विकसित किए गए है।