-
Advertisement
Corona इन India: 78 ज़िलों में 14 दिनों से नहीं आया कोरोना का नया केस; कुल मामले हुए 21,700
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस का कहर जारी है। भारत में लॉकडाउन को लागू हुए एक महीना पूरा होने के बाद भी कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या 21,700 हो चुकी है और अब तक इससे 686 मौतें हुई हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में देशभर में 1409 नए मामले सामने आए हैं। आज देश में 12 जिले ऐसे हैं जहां पिछले 28 दिनों से कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। वहीं अब देश में 23 राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के 78 जिले ऐसे भी हैं जहां पिछले 14 दिनों से कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।
वहीं पर्यावरण मंत्रालय के सचिव सीके मिश्रा ने कहा कि आंकड़ों से हटकर हमें रणनीति पर सोचना होगा। हमारे सामने कोरोना की बड़ी चुनौती है। हमारा मूल मंत्र है जिंदगी कैसे बचाएं। 23 मार्च को 14915 टेस्ट किए थे और 22 अप्रैल तक 4 लाख से ज्यादा टेस्ट कर चुके हैं, लेकिन ये काफी नहीं है। हम लगातार टेस्टिंग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। कोरोना के खिलाफ टेस्टिंग ही अहम हथियार है। हम आज भी एक महीने के पहले की स्थिति में हैं और हालात बिगड़े नहीं हैं। अभी तक बाकी देशों की तुलना में हम बेहतर कर रहे हैं।
