-
Advertisement
Corona virus: वुहान से भारतीयों को वापस लाने रवाना हुआ विमान, इस तैयारी में जुटी सेना
Last Updated on January 31, 2020 by
नई दिल्ली। भारत ने चीन (China) के वुहान शहर से अपने नागरिकों को निकालने का काम शुक्रवार को शुरू कर दिया है। दरअसल चीन में कोरोना वायरस (Corona virus) के खतरे के मद्देनजर वहां से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए एअर इंडिया (Air India) का 423 सीटों वाला बी747 विमान शुक्रवार को दिल्ली से दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर वुहान हवाईअड्डे के लिए रवाना हुआ। इस विमान में स्वास्थ्य मंत्रालय के पांच डॉक्टर और एक परा-चिकित्सक सवार हैं। इस विमान से करीब 400 भारतीय लोगों को वापस लाने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: Snowfall के बाद खिली धूप, पर्यटक स्थलों पर सैलानियों का उमड़ा सैलाब
विमानन कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि संभावना है कि यह विमान शुक्रवार को देर रात एक बजे से दो बजे के बीच लौट जाएगा। बता दें कि भारत (India) ने वायरस से बुरी तरह प्रभावित मध्य हुबेई प्रांत से अपने नागरिकों को लाने के लिए चीन से कम से कम दो विमानों के संचालन की अनुमति देने का अनुरोध किया था। हुबेई प्रांत के वुहान में इस वायरस से सबसे ज्यादा लोग प्रभावित हैं। चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या शुक्रवार को 213 पहुंच गई है। वहीं कुल 9,692 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 5,806 मामले हुबेई प्रांत के हैं और यहां 204 लोगों की मौत हो चुकी है।वहीं वुहान से देश लौटने वाले भारतीयों की जांच के लिए सेना ने बड़ी तैयारी की है। सेना ने हरियाणा के मानेसर में एक केंद्र बनाया है। पहले यात्रियों की हवाईअड्डे पर जांच की जाएगी और उसके उन्हें मानेसर स्थित केंद्र में लाया जाएगा। अगर किसी के कोरोना वायरस से ग्रसित होने की आशंका होगी तो उसे दिल्ली कैंट स्थित अस्पताल के बने एक अलग वॉर्ड में शिफ्ट किया जाएगा।