-
Advertisement

Covid-19 पर रोज़ शाम 4 बजे होने वाली स्वास्थ्य मंत्रालय की मीडिया ब्रीफिंग आज के लिए रद्द
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण से जुड़ी अहम जानकारियों को देने के लिए हर रोज शाम 4 बजे होने वाली केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Ministry of Health) की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज नहीं होगी। रोज़ाना शाम 4 बजे होने वाली स्वास्थ्य मंत्रालय की मीडिया ब्रीफिंग को बुधवार के लिए रद्द कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से इस बात का दावा किया गया है कि कैबिनेट की मीटिंग और उसके बाद होने वाली ब्रीफिंग के चलते इसे रद्द किया गया है। आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक है और उसके बाद बैठक में हुई चर्चा को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।
कैबिनेट बैठक से जुड़ी प्रेस ब्रीफिंग में ही स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़ी सूचनाएं दी जाएंगी। वहीं अतिरिक्त जानकारियों को आज प्रेस रिलीज के माध्यम से बताया जाएगा। बता दें कि देश में अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण के कुल 19984 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 3870 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं जबकि 640 लोगों की मौत हो चुकी है। नोएडा में बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए नोएडा-दिल्ली बॉर्डर बीती रात से सील कर दिया गया है। महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार जारी है। 24 घंटे में 552 मरीज सामने आए हैं, वहीं मुंबई में आंकड़ा 3500 के करीब जा पहुंचा है। गुजरात में भी कोरोना के मरीजों की संख्या दो हजार से ज्यादा हो चुकी है।