- Advertisement -
नई दिल्ली। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने दिल्ली के मतदाताओं से विधान सभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों का समर्थन और उनके पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को विश्व स्तरीय मैट्रो सिटी बनाने तथा दिल्ली के लोगों और पर्यटकों को सभी सुविधाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने यह बात आज बीजेपी उम्मीदवार रामवीर सिंह विधूड़ी, ब्रह्म सिंह और धर्म वीर सिंह के समर्थन में दिल्ली के विधान सभा क्षेत्र बदरपुर, ओखला और कालकाजी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।
सीएम ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) अपने पांच साल के कार्यकाल की असफलताओं से लोगों का ध्यान बांटने के लिए विभिन्न मुद्दों को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी होने के बावजूद दिल्ली के लोग और यहां आने वाले पर्यटक अभी भी पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से वंचित हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के नेता केवल खबरों में बने रहने के लिए नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और एनआरसी (NCR) पर राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि दिल्ली के लोग विपक्ष के नेताओं के परोक्ष इरादों को भली-भांति जानते हैं। बीजेपी ने लोगों के हितों का हमेशा ही ख्याल रखा है और उनकी इच्छाओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि देश के अल्पसंख्यकों को डरने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वह पहले से ही इस महान देश के नागरिक हैं और देश का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी के झूठे वादों में नहीं आएंगे, क्योंकि इस पार्टी ने पिछले पांच वर्षों में बड़ी-बड़ी बातें करने के अलावा कुछ नहीं किया है।
- Advertisement -