-
Advertisement
हिमाचल में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के लिए बनेगी व्यापक नीति: CM
Last Updated on October 21, 2023 by Soumitra Roy
शिमला। हिमाचल सरकार राज्य में शहीद पुलिसकर्मियों (Martyred Policemen) के परिजनों के लिए व्यापक नीति बनाने जा रही है। यह बात शनिवार को CM ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भराड़ी में पुलिस स्मृति दिवस (Police Memorial Day) के अवसर पर शहीद पुलिस कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि पुलिस जवान निःस्वार्थ भाव से अपने कर्तव्य का निर्वहन कर राष्ट्र की सेवा करते हैं। इस वर्ष मानसून में आपदा के दौरान राहत एवं बचाव (Relief And Rescue Work) कार्यों में पुलिस कर्मियों ने महत्वपूर्ण कार्य किया और जान-माल एवं सम्पत्ति की सुरक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस विभाग को उन्नत सूचना प्रौद्योगिकी (IT) से लैस कर रही है तथा विभाग में सार्थक दृष्टिकोण के साथ महत्त्वपूर्ण बदलाव किये जा रहे हैं। CM ने कहा कि नशा सेवन से जुड़े अपराधों (Curbing Drug Abuse) पर लगाम लगाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह के अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों की सम्पत्ति पर भी अंकुश लगाया जाएगा।
इन शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान
CM ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस के शहीद हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के परिजनों को सम्मानित किया। इनमें दिवंगत आईपीएस साजू राम राणा, उप-निरीक्षक राकेश गौरा, सहायक उप-निरीक्षक विनोद कुमार, मुख्य आरक्षी प्रवीण कुमार, आरक्षी कमलजीत, आरक्षी सचिन राणा, आरक्षी अभिषेक सिंह और आरक्षी लक्ष्य मोंगरा के परिजन शामिल थे। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू भी इस मौके पर शामिल थे।