-
Advertisement
HRTC कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए गुड न्यूज, मंत्री ने कही यह बात
Last Updated on March 28, 2020 by
कुल्लू। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के कर्मचारियों का वेतन तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन को पहली व दो अप्रैल को जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी निगम की रीढ़ हैं और वर्तमान सरकार कर्मचारियों के हितों का पूरा ख्याल रख रही है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया कोरोना कहर के कारण उत्पन्न स्थिति में अनेक प्रकार के आर्थिक संकट झेल रही है। हिमाचल प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम का संचालन कोरोना की वजह से बूरी तरह से प्रभावित हुआ है। संक्रमण को रोकने के लिए निगम का संचालन पूरी तरह से बंद है, जिससे निगम की आय का एकमात्र स्त्रोत प्रभावित हुआ है। संकट की इस स्थिति में भी जयराम की संवेदनशील सरकार ने निगम के कर्मियों और पेंशनरों के वेतन व भत्तों को जारी करने का जो निर्णय लिया है, इसके लिए उनका आभार प्रकट करते हैं।
परिवहन मंत्री ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों का धन्यवाद किया है, जिन्होंने स्वेच्छा से अपना एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का निर्णय लिया है। निगम के प्रबंध निदेशक यूनुस सहित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने यह निर्णय कोरोना से उत्पन्न स्थिति में जरूरतमंदों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से लिया है।
जिला घर-घर जाकर 1212 लोगों की स्वास्थ्य जांच की
गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि कोरोना को लेकर प्रत्येक व्यक्ति को गंभीर होने की आवश्यकता है। थोड़ा सा भी लक्षण दिखाई दे तो तुरंत से चिकित्सक का परामर्श लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना को रोकने के लिए जिला में हर एहतिहाती उपाय किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभागों सहित अनेक लोग इस कार्य में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों ने गांव-गांव जाकर 1212 ऐसे लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई जिन्हें क्वारंटाइन पर रखा गया था। इनके साथ साथ उनके परिवार के सदस्यों की भी स्वास्थ्य जांच की गई।