-
Advertisement
J&K: ड्रोन से गिराए हथियार लेने पहुंचे तीन आतंकी गिरफ्तार; पुंछ में सीजफायर, एक महिला घायल
श्रीनगर। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) में ना तो आतंकी वारदातें थम रही हैं और ना ही पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान (Pakistan) सीजफायर करने से पीछे हट रहा है। इसी कड़ी में पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों पर भारी गोलीबारी और गोलाबारी कर लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया। गोलाबारी में एक महिला घायल हो गई। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय थल सेना ने पाकिस्तान के आक्रामक व्यवहार का मुंहतोड़ जवाब दिया। वहीं, दूसरी तरफ राजौरी जिले से सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार (Arrested) किया है।
1 लाख रुपए और ढेरों हथियार हुए बरामद
तलाशी लेने पर आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार व नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस गिरफ्तार तीनों आतंकवादियों से पूछताछ कर रही है। ये तीनों आतंकी दक्षिण कश्मीर के जिला शोपियां के रहने वाले हैं। इनकी पहचान राहिल बशीर, आमिर जान और हाफिज युनिस वानी के रूप में की गई है। इनके कब्जे से दो एके-56 राइफल, उसकी छह मेगजीन, 180 राउंड, दो चीन निर्मित पिस्तौल, उसकी तीन मेगजीन, 30 राउंड, चार ग्रेनेड, दो पाउच और एक लाख रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि ये आतंकी पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा भेजे गए हथियारों को लेने के लिए राजौरी गए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हैं। ये हथियार ड्रोन के जरिये शुक्रवार रात को गिराये गए थे। ड्रोन से हथियार गिराये जाने की इस घटना के बाद पाकिस्तान से लगी सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों को अलर्ट पर रखा गया है।
यह भी पढ़ें: #NIA की बड़ी कार्रवाई : पश्चिम बंगाल और केरल में पकड़े अल-कायदा के नौ आतंकी
सेना से जुड़े एक आधिकारिक सूत्र ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि हाल के दिनों में इस तरह की 8 घटनाएं हमारे नोटिस में आई हैं। कठुआ में एक ड्रोन को बीएसएफ ने मार गिराया था। जवाहर सुरंग के पास तीन ड्रोन गिराये गए थे। उन्होंने बताया कि चूंकि पिछले कुछ महीनों में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आई है लिहाजा, घाटी में दहशतगर्दों के पास हथियारों की कमी देखी जा रही है।

