-
Advertisement
बड़ा देव मतलोडा का कार्तिक होम
Last Updated on November 5, 2020 by Sintu Kumar
मंडी। हिमाचल प्रदेश की सराजघाटी में बड़ा देव विष्णु मतलोडा का कार्तिक होम बड़े ही श्रद्धा और हर्षोल्लास से मनाया गया। बागाचनोगी से लेकर भाटकीधार पंचायत में दिन भर देव मतलोडा के जयकारों के साथ देवता के साथ 7 हारी के लोग सुबह 5 बजे देवता के रथ और पारम्परिक वाद्य यंत्रों के साथ चैहट कोठी से देवता के मूल स्थल देव कांढ़ा पहुंचे। देवता के मंदिर में प्रवेश के बाद पूजा अर्चना की गई। इस दौरान मुंडन संस्कार भी किए गए।
मुंडन संस्कार के बाद देवता ने सातों हारी के हरियानों और समस्त विश्व की सुख समृद्धि के लिए गोदान किया। यह गौदान देवता हर तीन साल बाद करते हैं। देवता के वार्षिक होम में सराजघाटी के अलावा मंडी, बल्ह, नाचन, करसोग, पण्डोह और कुल्लू समेत बाहरी सराज से भी देवता के भक्तों ने माथा टेक हाजरी लगाई। प्रशासन ने हालांकि देवता कमेटी को होम में कोरोना को लेकर सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करने के आदेश दिए थे। मगर देवता की आस्था के आगे कोरोना का डर बौना दिखाई दिया। सराजघाटी कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी होम में बढ़चढ़ कर उपस्थिति दिखाई। देवता के पुजारी पुष्प राज ने बताया कि देवता का होम शांतिपूर्वक सम्पन हो गया है। उन्होंने बताया कि हजारों लोग देवता के होम के गवाह बने।