-
Advertisement
हिमाचल: बादल फटने से नाले में आई बाढ़, लोनिवि की मशीन तेज बहाव में बही
Last Updated on October 1, 2021 by saroj patrwal
चंबा। हिमाचल प्रदेश (Himachal pradesh) के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर के कुगति पंचायत में बीती रात बादल फटने से अचानक नाले में बाढ़ आ गई। अचानक आई बाढ़ में लोक निर्माण विभाग की मशीनरी बह गई। शुक्रवार को धर्मशाला और पालमपुर के अलावा कांगड़ा जिले के कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश हुई। वहीं, राजधानी शिमला में बादल छाए रहे। शनिवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 5 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। वहीं, अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में प्रदेश से मानसून विदा होने का पूर्वानुमान है।
लाखों रुपए का हुआ नुकसान
इधर बता दें कि जनजातीय क्षेत्र भरमौर की कुगति पंचायत में गुरुवार रात बादल फटने से हलाणी नाले में बाढ़ में लाखों का नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग और कुगति मार्ग को चौड़ा करने वाली कंपनी की मशीनरी बाढ़ में बह गई। साथ ही क्रैश बैरियर और सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं, हड़सर-कुगति मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। शनिवार शाम तक मार्ग बहाली की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विशाल चौधरी ने बताया कि नाले में आई बाढ़ से विभाग को 20 लाख का नुकसान हुआ है। कांगड़ा जिले में लगातार हो रही बारिश से धान और मक्की की फसल काट चुके किसानों को नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: खड्ड का सीना छलनी कर रही जेसीबी जब्त, ऑपरेटर गिरफ्तार
बादल फटने से आई बाढ़ में बहीं 3000 मछलियां
वहीं, बादल फटने की घटना कुल्लू जिले से भी सामने आई है। रघुपुर घाटी में बादल फटने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बादल फटने के बाद बालागाड़ नामक खड्ड में आई बाढ़ से हुए नुकसान के निशान कई किलोमीटर तक देखने को मिल रहे हैं। बाढ़ से जहां सड़क, पुलियां, पैदल रास्ते, मटर, मक्की, राजमा की फसल को नुकसान हुआ है। वहीं, फिश फार्म में 3000 ट्राउट मछलियां बह गई हैं। मछलियों के लिए बनाया टैंक बाढ़ के मलबे से भर गया।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page