-
Advertisement
Mosam | Snowfall | Yellow Alert
हिमाचल प्रदेश में आज और कल दो दिन तक बारिश व हल्की बर्फबारी के आसार है। मौसम विभाग ने आज ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर जिला में आंधी व तूफान चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिक ऊंचे क्षेत्रों में हल्का हिमपात और निचले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। कल यानी पांच नवंबर को भी प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान, ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी और मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान है। बारिश-बर्फबारी के पहले बीती रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शिमला के न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा 3 डिग्री की कमी आने के बाद पारा 9.4 डिग्री तक गिरा है। अन्य शहरों के तापमान में भी रात में कमी आई है। प्रदेश के तीन शहरों का तापमान माइनस में चला गया है, जबकि 14 शहरों का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क चुका है। ताबो का न्यूनतम तापमान माइनस 3.8 डिग्री, केलांग का -0.1 और कुकुमसैरी का -0.9 डिग्री तक गिर गया है। इससे रात और सुबह-शाम ठंड में इजाफा हुआ है।
