-
Advertisement

शिमला के दरोटी में 9 मकान जलकर राख, 20 परिवारों के सिर से छिन गई छत
हिमाचल प्रदेश के शिमला ज़िला में देर रात एक भीषण अग्निकांड हुआ है। नावर क्षेत्र की टिक्कर तहसील के दरोटी गांव में आग लगने से 9 मकान जलकर राख हो गए। घटना शनिवार देर रात एक बजे की बताई जा रही है। आग लगने से 20 परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए। इस घटना में करोड़ों का नुकसान हुआ है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक मकान में आग लगी और देखते ही देखते साथ लगते मकान भी धू-धू जलने लगे। आसपास के लोग एकत्रित हुए और आग बुझाने लगे।
फायर ब्रिगेड को भी आग लगने की सूचना दी गई। कड़ी मशक्कत के बाद क्षेत्रवासियों ने फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर आग बुझाने में सफलता प्राप्त कर ली है। एसडीएम रोहड़ू सन्नी शर्मा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। प्रभावितों को फौरी राहत दी जा रही है। राजस्व विभाग के कर्मचारी नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। अग्निकांड प्रभावितों की प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद की जाएगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group