-
Advertisement
संजौली मस्जिद विवाद: पुलिस स्टेशन के बाहर देवभूमि संघर्ष समिति का आमरण अनशन, ये हैं प्रमुख मांगें
Sanjauli Mosque Disputed: शिमला के संजौली में विवादित मस्जिद मामला फिर तूल पकड़ गया है। देवभूमि संघर्ष समिति ने संजौली पुलिस स्टेशन के बाहर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। समिति की मांग है कि पुलिस द्वारा देवभूमि संघर्ष समिति के पदाधिकारियों पर दर्ज एफआईआर वापस ली जाए , कोर्ट द्वारा अवैध करार मस्जिद का बिजली-पानी काटा जाए और कोर्ट के आदेशानुसार मस्जिद के ढांचे को गिराया जाए।
तीन महिलाओं समेत छह लोगों पर एफआईआऱ
दरअसल, बीते शुक्रवार को देवभूमि संघर्ष समिति ने कोर्ट द्वारा अवैध करार संजौली मस्जिद में बाहरी राज्यों से आए मुस्लिमों को नमाज पढ़ने से रोका था। इस दौरान दो समुदाय के लोगों के बीच बहस भी हुई। विवाद बढ़ा तो कुछ लोग बिना नमाज पढ़े ही लौट गए। इसके बाद, संजौली पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह लोगों पर एफआईआऱ कर दी। इन सभी पर समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है। देवभूमि संघर्ष समिति इस पर भड़क उठी है।
बिजली व पानी का कनेक्शन नहीं काटा गया
संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं का तर्क है कि यहां हुआ निर्माण कोर्ट की ओर से अवैध क़रार दिया जा चुका है, ऐसे में विवादित और अवैध निर्माण में नमाज़ नहीं की जानी चाहिए। कोर्ट ने अवैध ढांचा गिराने के आदेश दे रखे हैं। मगर नहीं गिराया गया। उल्टा देवभूमि संघर्ष समिति के लोगों को मामले दर्ज कर प्रताड़ित किया जा रहा है। कोर्ट के आदेशों के बावजूद मस्जिद की बिजली व पानी का कनेक्शन नहीं काटा गया।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
