- Advertisement -
मंडी। छोटी काशी मंडी के प्राचीन एकादश रूद्र मंदिर में अखंड जाप का शुरू हो गया है। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर (DC Mandi Rigved Thakur)ने अखंड ज्योति व जाप विधि विधानों के अनुसार पूजा अर्चना कर जाप शुरू किया। अब आगामी सात दिनों तक मंदिर में अखंड जाप चलता रहेगा। इस दौरान अखंड जाप में बैठे श्रद्धालु ओम नमः शिवाय का जाप करेंगे। साप्ताहिक अखंड जाप के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे मुख्य यजमान डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने पुरानी परंपरा को बरकरार रखने पर बधाई दी। उन्होंने इस तरह की गतिविधि को आगे भी बरकरार रखने के लिए कहा।
एकादश रूद्र मंदिर के पुजारी स्वामी सत सुंदरम ने बताया कि वर्ष में भगवान शिव के दो विशेष उत्सव सावन मास व शिवरात्रि होते हैं। अखंड जाप के दौरान मंदिर का वातावरण ओम नमः शिवाय की धुन से निरंतर गुंजायमान रहता है। उन्होंने बताया कि इस युग में भगवत नाम का विशेष महत्व है। यह नाम ही ग्रहगोचर व अशांति दूर करने वाला है। उन्हांेने बताया कि 21 फरवरी को सुबह आठ बजे रूद्राभिषेक किया जाएगा।
जबकि दस बजे हवन यज्ञ शुरू होगा और 12 बजे पूर्णाहुति डाली जाएगी। इसी दिन दोपहर बाद शिव का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। शाम आरती होगी और भजन कीर्तन का दौर चला रहेगा। 22 फरवरी को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बता दें कि बीते 40 वर्षों से एकादश रूद्र मंदिर मंडी में अखंड जाप शिवरात्रि से पूर्व सात दिनों के लिए आयोजित किया जाता है। यह परंपरा निरंतर जारी है। हर पूर्णमासी मंदिर में सत्यनारायण कथा होती है। इसी के साथ ब्यास आरती भी की जाती है।
- Advertisement -