-
Advertisement
शिमला के ढली में भूस्खलनः एक लड़की की गई जान, 2 हुए घायल
Last Updated on July 6, 2022 by Vishal Rana
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून की शुरुआत के साथ ही बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। देर रात से शिमला में लगातार भारी बारिश का क्रम जारी है। भारी बारिश के चलते शिमला के ढली इलाके में भूस्खलन हुआ। भूस्खलन की वजह से सड़क किनारे सो रही एक लड़की की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। घायलों का इलाज आईजीएमसी में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि तीन लोग रात को टेंट में सो रहे थे। सुबह के वक्त टनल के समीप पहाड़ी से टेंट पर भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में एक ही परिवार के तीन लोग आ गए। ये लोग मूल रूप से हरियाणा की रहने वाले हैं और सड़क किनारे दवा बेचने का काम करते हैं। मृतक की पहचान 14 वर्षीय करीना के रूप में हुई है, जबकि 16 वर्षीय आशा और 24 वर्षीय कुलविंदर भूस्खलन की चपेट में आने से घायल हैं।
यह भी पढ़ें- मणिकर्ण घाटी में बादल फटने से चौंज नाला में आई बाढ़, कई लोग लापता
इस हादसे में सड़क किनारे पार्क तीन गाड़ियां भी चपेट में आई हैं। इससे वाहनों को भी काफी क्षति पहुंची है। इससे किसान भवन ढली और इंद्रनगर के लिए जाने वाले रास्ता भी अवरुद्ध हो गया है।बता दें कि शिमला में आधी रात से ही बारिश हो रही है। इसी वजह से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। जिस जगह हादसा हुआ है, वहां सड़क को चौड़ा करने के लिए कुछ समय पहले ही कटिंग की गई है। इससे ढली टनल से ढली चौक तक अभी भी हादसे का खतरा बना हुआ है। उधर झाकड़ी के समीप ब्रोनी खड्ड के पास सुबह के समय भूस्खलन होने से शिमला-किन्नौर एन एच- 5 बंद है। पहली बारिश ने ही जनजीवन को अस्तव्यस्त कर दिया है।