-
Advertisement
मंडी में BJP का बागी जिप का अध्यक्ष
Last Updated on January 29, 2021 by Vishal Rana
मंडी। किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कोई नहीं जानता। हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों में BJP प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे पाल वर्मा को शायद इस बात का इल्म भी नहीं होगा कि संगठन के खिलाफ खड़े होकर चुनाव लड़ने के बदले में उन्हें अध्यक्ष पद का तोहफा मिल जाएगा। सीएम के गृहजिला मंडी में BJP समर्थित 27 प्रत्याशी चुनकर आए हैं। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन को लेकर खुद सीएम जयराम ठाकुर मंडी पहुंचे और दो दिनों तक लंबे मंथन के बाद पाल वर्मा का नाम तय किया गया। पाल वर्मा पूर्व में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष और प्रदेश के प्रवक्ता रह चुके हैं। वर्तमान में उनके पास कोई दायित्व नहीं है। पंचायत चुनावों में BJP ने भड़याल वार्ड से अनिल सैनी को अपना प्रत्याशी बनाया था। लेकिन पाल वर्मा पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ मैदान में कूद गए और जीत हासिल की। जब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन की बारी आई तो बिहारी लाल शर्मा का नाम चर्चाओं में रहा। लेकिन अंत में सीएम जयराम ठाकुर ने पाल वर्मा का नाम लेकर सारी चर्चाओं पर पूर्णविराम लगा दिया। आज जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव भी संपन्न हो गया। जिसमें पाल वर्मा को अध्यक्ष और मुकेश चंदेल को उपाध्यक्ष चुना गया। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर अन्य विधायकों के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देने खुद सभागार में पहुंचे। उन्होंने सभी मतदाताओं का भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के चयन के लिए आभार जताया और सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को सरकार की तरफ से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।