-
Advertisement
चंद्रमा पर लैंडिंग की जगह कहलाएगी ‘शिवशक्ति’, 23 अगस्त को मनेगा अंतरिक्ष दिवस
Last Updated on August 26, 2023 by sintu kumar
बेंगलुरु। ग्रीस की यात्रा से सीधे यहां इसरो (ISRO) के टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क मिशन कंट्रोल कॉम्प्लेक्स पहुंचे PM नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चंद्रयान 3 मिशन (Mission Chandrayan 3) में शामिल ISRO प्रमुख एस सोमनाथ और उनकी टीम के अन्य वैज्ञानिकों से मुलाकात की। उन्होंने बेहद भावुक अंदाज में 23 अगस्त को चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए सभी को बधाई दी। PM मोदी ने ने कहा, “जिस स्थान पर चंद्रयान-3 का मून लैंडर उतरा, उस स्थान को ‘शिवशक्ति’ के नाम से जाना जाएगा।” उन्होंने 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ (National Space Day) के रूप में मनाने का भी ऐलान किया।
PM नरेंद्र मोदी ने कहा, ”चंद्रमा के जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने अपने पदचिन्ह छोड़े हैं, वह प्वाइंट अब ‘तिरंगा’ कहलाएगा। ये तिरंगा प्वाइंट (Tricolor Point) भारत के हर प्रयास की प्रेरणा बनेगा, ये तिरंगा प्वाइंट हमें सीख देगा कि कोई भी विफलता आखिरी नहीं होती।” PM मोदी ने वैाज्ञानिकों से कहा, ”मैं जल्द से जल्द आपके दर्शन करना चाहता था और आपको सलाम करना चाहता था…आपके प्रयासों को सलाम।” PM ने कहा, ”आज मैं एक अलग ही खुशी महसूस कर रहा हूं, ऐसे मौके बहुत कम आते हैं। व्यक्ति के जीवन में कई बार ऐसी घटनाएं घटती हैं कि वो बेसब्री हावी हो जाती है और इस बार मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ है। मैं दक्षिण अफ्रीका में था लेकिन मेरा मन पूरी तरह से आपके साथ ही लगा हुआ था।”
यह भी पढ़े:चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के साथ भारत ने रचा इतिहास, देशभर में जश्न
स्वयं को रोक नहीं पाए PM
PM मोदी ने कहा कि वह देश लौटने पर इसरो के वैज्ञानिकों को धन्यवाद देने के लिए सबसे पहले इस शहर में आने से स्वयं को रोक नहीं पाए। उन्होंने कहा, ”न केवल भारतीयों, बल्कि विज्ञान में भरोसा रखने वाले, भविष्य की ओर देखने वाले और मानवता के प्रति समर्पित दुनियाभर के लोगों में उत्साह है।” मोदी ने उनसे मिलने बड़ी संख्या में आए बेंगलुरु के लोगों को धन्यवाद दिया। PM ने कहा, ”मैं देख रहा हूं कि बच्चों समेत ये लोग सुबह इतनी जल्दी उठकर आए हैं। ये बच्चे भारत का भविष्य हैं।”