-
Advertisement
दो महिलाओं का एक ही Account Number, एक पैसे डालती रही दूसरी निकालती रही
पानीपत। ठगी के मामले तो आपने कई सुने होंगे लेकिन हरियाणा के पानीपत में एक अजीब मामला सामने आया है। एक खाते को दो महिलाएं इस्तेमाल करती रहीं और किसी को पता तक नहीं चला। तहसील कैंप एरिया में पंजाब नेशनल बैंक (Punjab National Bank) के कर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बैंक कर्मियों ने यहां एक ही नंबर से अलग-अलग दो महिलाओं के खाते (Account) खोल दिए। इसकी वजह से हुआ यूं कि एक महिला खाते में रकम जमा कराती रही और दूसरी निकालती रही। इस दौरान रकम जमा करा रही महिला जब अपने पति के साथ पैसे निकालने आई तो खाते में रकम ही नहीं थी। इसके बाद पूरे मामला सामने आया। उन्होंने बैंक मैनेजर से इसकी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने बैंक और रकम निकालकर ले गए दंपति के खिलाफ शिकायत कर दी।
यह भी पढ़ें: ATM Card का नंबर पूछकर Stenographer के खाते से उड़ा लिए 71,000 रुपए
जन धन योजना के तहत बनवाए थे खाते
वधावा राम कॉलोनी की रहने वाली पुष्पा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2014 में तहसील कैंप स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जन धन योजना (Jan Dhan Yojna) के तहत अपना खाता खुलवाया था, जिसमें उन्होंने अपनी ननद का फोन नंबर दिया था। उसका फोन चोरी होने की वजह से उनके पास कोई मैसेज नहीं आते थे। उन्होंने बैंक में कई बार पैसे डलवाए और सरकार की तरफ से भी उसमें 500 रुपए आ रहे थे, लेकिन इसकी जानकारी नहीं ली। लॉकडाउन में पैसों की जरूरत पड़ी तो वह बैंक से पैसे निकलवाने गई तो खाता खाली मिला। उन्होंने अकाउंट चेक कराया तो पता चला कि पुष्पा पत्नी नरेश निवासी वधावा राम कालोनी के नाम से एक दूसरा खाता भी खुला हुआ है, जिसका अकाउंट नंबर भी एक ही है। दोनों का अकाउंट नंबर एक होने की वजह से दूसरी महिला ने पैसे निकाल लिए। उन्होंने बैंक की मैनेजर नीतू सिंह से मामले की शिकायत की तो उन्होंने खाता चेक कराने का आश्वासन दिया, लेकिन पांच माह बीत जाने के बावजूद बैंक ने कोई कार्रवाई नहीं की।

मामले को लेकर पीएनबी की मुख्य प्रबंधक नीतू सिंह का कहना था कि मामला उनके संज्ञान में आया है। दंपति ने उन्हें शिकायत दी है। दंपति की शिकायत (Complaint) पर जांच करवाई जा रही है। अभी यह कहना मुश्किल है कि गलती किस स्तर पर हुई है, मामले की जांच करवाई जा रही है। एलडीएम कमल गिरधर ने बताया कि 2014 में दोनों महिलाओं ने जनधन खाते के लिए बैंक में आवेदन किया था। नाम, पति का नाम और कॉलोनी एक होने के कारण मानवीय भूल के चलते दोनों महिलाओं को एक ही खाते की पासबुक दे दी तब से दोनों खाते में छोटा-छोटा लेन देन कर रही थीं। एक बार में 5 हजार से ज्यादा रुपए का लेनदेन नहीं हुआ। छोटा अमाउंट होने के कारण कैशियर हस्ताक्षर को पकड़ नहीं पाया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया है। अब जांच कर रहे हैं कि किस पर किसका बकाया है। उससे रुपए वापस दिलाए जाएंगे।

