-
Advertisement
रूस की प्राइवेट आर्मी वैगनर का रूसी सैन्य ‘मुख्यालय’ पर कब्जा, मॉस्को के रास्ते बंद
Last Updated on June 24, 2023 by sintu kumar
मॉस्को। रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने अपने फायदे और साम्राज्यवादी विस्तार के मकसद से जिस प्राइवेट आर्मी को खड़ा किया, आज उसी ने रूस में पुतिन का तख्ता पलटने के लिए बगावत कर दी है। वैगनर समूह (Wagner Group) के विद्रोह के बाद हालात बेकाबू हैं। वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने दावा किया है कि उनके लड़ाकों ने रोस्तोव में रूसी सेना के दक्षिणी सैन्य मुख्यालय पर कब्जा कर लिया है। उधर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विद्रोह करने वालों को अंजाम भुगतने की धमकी दी है।
बताया जा रहा है कि रूस की सड़कों पर सेना और बागी वैगनर ग्रुप के विद्रोही आमने-सामने आ गए हैं। रूसी सेना ने मॉस्को (Moscow) समेत कई बड़े शहरों की सुरक्षा को बढ़ा दिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वैगनर के विद्रोह को देखते हुए मॉस्को में एक आपात बैठक की अध्यक्षता भी की है। रूसी रक्षा मंत्रालय (Russian Defence Ministry) ने बयान जारी कर कहा है कि वैगनर के कई लड़ाकों को अपनी गलती का अहसास हो चुका है। हम उनके स्थायी बेस तक सुरक्षित लौटने की गारंटी देते हैं।
पुतिन ने अंजाम भुगतने की धमकी दी
पुतिन ने रूसी नागरिकों, सेना और सुरक्षा एजेंसियों को संबोधित करते हुए कहा कि रूसी अधिकारी रूस में दोबारा विभाजन नहीं होने देंगे, लोगों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि रात में सभी दिशाओं के सैन्य कमांडरों से बात की, सेना बहादुरी से लड़ रही है। उन्होंने यूक्रेन में रूसी सेना के विशेष सैन्य अभियान के दौरान किसी भी कलह से दूर रखने की नसीहत भी दी है। पुतिन ने दो टूक लहजे में कहा कि विद्रोह के प्रयास के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को निश्चित ही सजा का सामना करना पड़ेगा, उन्हें कानून और लोगों को जवाब देना होगा। वैगनर प्रमुख ने कहा कि रोस्तोव में एक हवाई अड्डा सहित कई सैन्य स्थल हमारे नियंत्रण में हैं। वहीं, मध्य रूस में लिपेत्स्क क्षेत्र के गवर्नर ने मॉस्को को दक्षिणी क्षेत्रों से जोड़ने वाला एम-4 मोटरवे को यातायात के लिए बंद कर दिया है।
रूसी सेना प्रमुख और रक्षा मंत्री को बुलाया
वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने मांग की है कि रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और रूस के शीर्ष जनरल वालेरी गेरासिमोव दक्षिणी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन में उनसे मिलने आएं। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में प्रिगोझिन ने कहा कि वह अभी दक्षिणी सैन्य जिले के मुख्यालय में हैं, जो रोस्तोव-ऑन-डॉन में है। उसने कहा कि हम यहां पहुंचे हैं, हम जनरल स्टाफ के प्रमुख और शोइगु का स्वागत करना चाहते हैं। जब तक वे नहीं आते, हम यहीं रहेंगे, हम रोस्तोव शहर की नाकाबंदी करेंगे और मास्को के लिए कूच करेंगे।
यह भी पढ़े:मणिपुर: कुकी समुदाय ने चूराचांदपुर को देश से काटा, हालात गंभीर