-
Advertisement
श्रीलंका को 302 रन से हराकर भारत ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट
मुंबई। भारत ने श्रीलंका (Sri Lanka) को आईसीसी विश्व कप (CWC23) के 33वें मुकाबले में 302 रनों से करारी शिकस्त दी है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 357 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण (Indian Pace Attack) के सामने घुटने टेक दिए। श्रीलंका की टीम 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 55 रन ही बना सकी। श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, इनमें से श्रीलंका के पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। श्रीलंका का यह स्कोर उसका संयुक्त रूप से तीसरा न्यूनतम (Third Lowest) और विश्व कप का चौथा न्यूनतम स्कोर है।
विश्व कप 2023 में भारत की ये लगातार सातवीं जीत है और इस जीत के साथ भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल (Semifinal) में जगह बना ली है। रनों के लिहाज से वनडे क्रिकेट में ये चौथी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने जनवरी 2023 में श्रीलंका को 317 रनों से हराया था, जोकि वनडे क्रिकेट के इतिहास में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। वहीं यह रनों के लिहाज से विश्व कप की दूसरी सबसे बड़ी और भारत की विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत है।
श्रीलंका का बेहद खराब शुरुआत
358 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसे रही। सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। बुमराह (Jasprit Bumrah) ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। दूसरे ओवर में मोहम्मद सिराज ने धमाकेदार अंदाज में गेंदबाजी की और पहली ही गेंद पर दिमुथ करुणारत्ने को एलबीडब्ल्यू किया। दोनों सलामी बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर सदीरा समराविक्रमा कैच आउट हुए। सदीरा भी रन नहीं बना सके।
चौथे ओवर में सिराज (Mohammad Siraj) ने पहली ही गेंद पर कुसल मेंडिस को क्लीन बोल्ड किया। कप्तान मेंडिस एक रन ही बना सके। इसके मोहम्मद शमी (Mohammad Shami) ने कहर बरपाया और लगातार पांच विकेट चटकाए। रविंद्र जडेजा ने मदुंशका को आउट करके श्रीलंका की पारी का अंत किया। मोहम्मद शमी ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। शमी ने 18 रन देकर पांच विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट चटकाया।
रोहित सस्ते में हुए आउट
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने मैच की दूसरी ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा (04) का विकेट गंवा दिया। रोहित (Rohit Sharma) ने मदुशंका की पहली गेंद पर चौका जड़ा लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए। श्रीलंका के गेंदबाजों को इसके बाद अगली सफलता के लिए 29 ओवर से अधिक का इंतजार करना पड़ा। कोहली और गिल ने सतर्क शुरुआत के बाद मैदान के चारों तरफ रन जुटाए।