-
Advertisement
BJP प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा में नजर आए Covid-19 के लक्षण; मेदांता अस्पताल में भर्ती
गुरुग्राम। देश में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा (Sambit Patra) को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताला में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार संबित पात्रा में कोरोना के लक्षण नजर आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में औपचारिक तौर पर इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक़ वे अस्पताल के आईसीयू-7 में भर्ती हैं। जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता होने के साथ ही साथ संबित पात्रा सर्जन भी हैं
दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता होने के साथ ही साथ संबित पात्रा सर्जन भी हैं। वह हिंदू राव अस्पताल में बतौर मेडिकल ऑफिसर भी काम कर चुके हैं। संबित पात्रा बीजेपी का जाना पहचाना चेहरा हैं और टीवी डिबेट में अक्सर पार्टी का पक्ष रखते हुए नजर आते हैं। मूलतः ओडिशा के रहने वाले पात्रा को साल 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें ओडिशा की एक सीट से कैंडिडेट भी बनाया था लेकिन वो जीतने में सफल नहीं हुए थे। वह बीजू जनता दल के उम्मीदवार पिनाकी मिश्र से 11,700 वोटों से हार गए थे। पात्रा ओएनजीसी के बोर्ड में नॉन ऑफिशियल डायरेक्टर्स में से एक हैं।
शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे
https://twitter.com/TajinderBagga/status/1265931580490625024
पात्रा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर आने के बाद शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। वहीं दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने ट्वीट किया है- आप जल्द ठीक हों संबित भाई। गौरतलब है कि भारत में अब तक 1 लाख 58 हजार से अधिक लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और 4500 से अधिक लोगों की मौत भी हो चुकी है। वहीं 67 हजार से अधिक लोग अबतक इस बीमारी से ठीक भी हो चुके हैं। वहीं दिल्ली में बुधवार को कोरोना के 800 के करीब नए मामले सामने के बाद जहां दिल्ली में कुल संक्रमितों की संख्या 15000 को पार कर गई है, वहीं अब तक 300 से ज्यादा लोगों की इस महामारी के चलते मौत हो चुकी है।

