-
Advertisement
जिस खुशहाल किसान को #BJP ने Poster में दी जगह वही सिंधु बॉर्डर पर दे रहा धरना
नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। इसी बीच एक बवाल मच गया है वो भी उस पोस्टर को लेकर जिसमें सरकार कानून के फायदे बता रही है और साथ ही पोस्टर में एक खुशहाल किसान भी दिखाया गया है। बीजेपी (BJP) ने ये पोस्टर जारी करके बताया था कि पंजाब में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से किसान खुश हैं। अब खास बात है कि इस पोस्टर में एक खुशहाल किसान की तस्वीर भी लगाई गई थी जिसका नाम है हरप्रीत सिंह। पंजाब बीजेपी ने जिस हरप्रीत सिंह का पोस्टर बतौर खुशहाल किसान पेश किया, वो सिंधु बॉर्डर पर कृषि कानूनों के विरोध में धरना दे रहा है। हरप्रीत सिंह के पोस्टर को लेकर सोशल मीडिया में खूब बवाल मचा जिसके बाद पंजाब बीजेपी ने पोस्टर को अपने फेसबुक पेज से डिलीट कर दिया है।
यह भी पढ़ें: #FarmersProtest : सिंधु बॉर्डर पर पहुंचे #Arvind_Kejriwal, बोले – “AAP” किसानों के साथ
हरप्रीत सिंह की मानें तो पंजाब बीजेपी ने उनकी 6-7 साल पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल अपने पोस्टर में किया। उनका कहना है कि मुझसे बिना परमिशन लिए बीजेपी ने मेरी फोटो का इस्तेमाल किया, जबकि मैं सिंधु बॉर्डर पर डटा हुआ हूं और नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा हूं।
https://twitter.com/harpfarmer/status/1341202385591357440
हरप्रीत सिंह (Harpreet Singh) ने कहा कि कोई भी किसान नए कृषि कानूनों से खुश नहीं है। बीजेपी की अगुवाई वाली सरकार कभी भी सिंधु बॉर्डर पर नहीं आई और ना ही यह जानने की कोशिश की क्यों किसान इन कानूनों के विरोध में हैं। किसान नए कृषि कानूनों को सिरे से खारिज कर रहे हैं और उनका गुस्सा बढ़ता जा रहा है। पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले हरप्रीत सिंह ने कहा कि सरकार भले कह रही है कि ये कानून किसानों के फायदे में हैं, लेकिन हम जानते हैं कि यह नुकसान का सौदा है। हम वापस तभी जाएंगे, जब तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाएगा। हरप्रीत सिंह के फोटो के इस्तेमाल पर पंजाब बीजेपी चीफ अश्विनी शर्मा ने कहा कि मुझे भी यह जानकारी मिली है, मैं चेक करके बताऊंगा।

