- Advertisement -
होसकोटे (कर्नाटक)। लोगों को कई तरह के खाने के शौक होता है। कोई राजमाह-चावल बहुत पसंद करता है तो कोई शाही पनीर। दक्षिण एशियाई देशों में बिरयानी लोगों की सबसे पसंदीदा डिश में से एक है जो विशेष मौकों के दौरान बनाई जाती है। बिरयानी (Biryani) वेज और नॉनवेज दोनों तरह से बनाई जाती है और इसके लिए चावल के साथ-साथ विशेष तरह के मांस या सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है। आपने बिरयानी तो कई जगह खाई होगी लेकिन कर्नाटक में एक जगह ऐसी बिरयानी मिलती है जिसके लोग दीवाने हैं और सुबह चार बजे से लाइन में लगना शुरू हो जाते हैं।
कर्नाटक (Karnataka) के होसकोटे में ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है जिसे देखकर कोई भी हैरान रह जाएगा। यहां एक प्लेट बिरयानी के लिए लोग कई किलोमीटर का सफर तय कर सुबह चार बजे दुकान के सामने खड़े हो जाते हैं। जैसे दिन बढ़ता जाता है, कतार और लंबी होती जाती है। करीब डेढ़ किलोमीटर तक लगी इस कतार में सैकड़ों की संख्या में लोग बिरयानी खरीदने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हैं।
इस बिरयानी दुकान के बारे में कहा जाता है कि यह शहर की सबसे स्वादिष्ट बिरयानी परोसती है जिसका अंदाज भी अलग है। एक ग्राहक ने बताया कि वह यहां सुबह 4 बजे पहुंचा और सुबह 6.30 बजे उसे उसका ऑर्डर मिला क्योंकि यहां लंबी कतार (Long queue) थी। इस बिरयानी का स्वाद बेहद स्वादिष्ट है और पूरा पैसा वसूल है। कई लोगों का कहना है कि ऐसी स्वादिष्ट बिरयानी इस शहर में कहीं और मिलती ही नहीं है। दुकान के मालिक ने बताया कि हमने लगभग 22 साल पहले यह स्टाल खोला था। हमारी बिरयानी में किसी भी तरह का प्रिजर्वेटिव नहीं डाला जाता है। हम एक दिन में हजार किलोग्राम से अधिक बिरयानी परोसते हैं।
- Advertisement -