-
Advertisement
बड़ी खबरः MLA के घर के पास भूस्खलन, आधा दर्जन पंचायतों का संपर्क कटा
Last Updated on August 16, 2020 by Deepak
मंडी। पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक अनिल शर्मा (MLA Anil Sharma) के बाड़ी गुमाणू स्थित घर के पास भीषण भूस्खलन हुआ है, जिस कारण विधायक के घर सहित करीब आधा दर्जन पंचायतों का संपर्क कट गया है। मलबा अधिक होने के कारण और भूस्खलन (Landslide) की संभावना के चलते अभी मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं किया जा सका है, जिस कारण यहां मार्ग बहाली में अभी लंबा समय लग सकता है। बताया जा रहा है कि बीती 13 अगस्त को यहां भूस्खलन हुआ था, लेकिन विभाग ने बीती शाम तक मार्ग को बहाल कर दिया। आज सुबह फिर से यहां भूस्खलन हुआ, जिसका लाइव वीडियो (Video) भी सोशल मीडिया (Social Media) पर शेयर किया गया है। जहां भूस्खलन हुआ वहां नाले पर पुल भी बनाया जा रहा है, जिसे भी भारी नुकसान पहुंचा है। मिली जानकारी के अनुसार विधायक अनिल शर्मा और उनका परिवार इस वक्त शिमला (Shimla) में है। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता बंद होने कारण उन्हें काफी ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग उठाई है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग (PWD) ने यहां एक पुराने मार्ग को छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक तौर पर तैयार कर दिया है, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही अन्य वैकल्पिक मार्गों से की जा रही है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ई. विनायक कश्यप ने बताया कि मलबा अधिक है और फिर से मलबा आने की संभावना है जिस कारण मलबा हटाने का कार्य नहीं किया जा रहा है। जैसे ही जोखिम कम होगा और मौसम साथ देगा मलबा हटाने के लिए मशीनरी लगा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि भूस्खलन से निर्माणाधीन पुल को भी नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन के कारण इस क्षेत्र को जाने वाली पीने के पानी की पाइपें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिस कारण इलाके में पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई है। जल शक्ति विभाग पाइपों की मरम्मत करके इसकी बहाली के कार्य में जुट गया है।
यह भी पढ़ें: Sundernagar: डैहर में आसमानी बिजली गिरने से महिला गंभीर घायल, बकरे की मौत
इसी तरह से उपमंडल धर्मपुर के पंचायत बिंगा वार्ड ललाना में बीते रोज हुई भारी बारिश के चलते देर शाम को भूस्खलन हुआ है। इस भूस्खलन में चमारू राम और राजमल को भारी नुकसान हुआ है। इस भूस्खलन से पूरी पंचायत में भय का माहौल बना हुआ है। पंचातय प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से यहां हो रहे लगातार भूस्खलन की ओर ध्यान देने की अपील की है। वहीं हिमाचल जागरूकता मिशन के अध्यक्ष सुनील कटवाल ने मौके का जायजा लिया और सरकार से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजे के साथ राहत सामग्री दिए जाने की मांग की है।