-
Advertisement
बाल स्कूल से गायब हुआ तिरंगा, एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन
Last Updated on January 1, 2020 by Deepak
हमीरपुर। बाल स्कूल हमीरपुर (Boys School Hamirpur) में कभी फटा हुआ तिरंगा लहराया जाता था लेकिन अब तो वह यानी तिरंगा गायब ही हो गया है। ये सब हो रहा है प्रशासन की नाक के नीचे। तिरंगा गायब होने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों सहित एनएसयूआई में खासा रोष है। हाल यह है कि पिछले छह माह से तिरंगा की जगह अब यहां केवल पोल ही रह गया है, जिसके चलते जिला प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठने शुरू हो गए हैं। तिरंगा गायब होने पर एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने डीसी को ज्ञापन सौंप जल्द तिरंगा लगाने की मांग की है। वहीं एनएसयूआई ने दो टूक कहा है कि अगर प्रशासन ऐसा नहीं करता है तो वह अपने स्तर पर प्रयास करके यहां तिरंगा लगाएंगे।
यह भी पढ़ें: नए साल के जश्न में पुलिस के जवानों ने दिखाया अपना टेलेंट
बता दें कि हमीरपुर के बाल स्कूल में 134 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया गया था, लेकिन इसकी देखरेख में हो रही कमियों के चलते इससे पहले कई बार घटिया कपड़ा प्रयोग में लाए जाने से तिरंगा फटता रहा है। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष टोनी ने कहा कि तिरंगा के नहीं होने पर जिला पदाधिकारियों को ज्ञापन सौप कर जल्द तिरंगा लगाने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी तिरंगा के गायब होने पर रोष जताया और कहा कि प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि देश की आन वान शान तिरंगा की अच्छे से देखभाल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों राज्य स्तरीय हमीर उत्सव के दौरान भी तिरंगा नहीं लहराया गया जो कि बड़ी ही शर्म की बात है।