-
Advertisement
Uttarakhand: अल्मोड़ा में भारी बारिश से गिरा एक सदी पुराना आइकॉनिक देवदार-बोगनवेलिया पेड़
Last Updated on July 9, 2020 by Deepak
अल्मोड़ा। उत्तराखंड (Uttarakhand) के सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में जी.बी. पंत पार्क के पास स्थित आइकॉनिक देवदार-बोगनवेलिया पेड़ (Cedar-Bognwellia Trees) बुधवार को भारी बारिश के चलते गिर गया। देवदार का पेड़ भारी बारिश से धराशायी हुआ तो बोगनविलिया की बेल भी साथ में नीचे आ गिरी। देवदार व बोगनविलिया की यह युगल जोड़ी लोगों को खासी आकर्षित करती आ रही थी। खूबसूरत बोगनवेलिया के लिए मानो देवदार ने अपना अस्तित्व ही दांव में लगा दिया था। दोनों पेड़ आपस एक दूसरे से समाए हुए थे। ज़िलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने इसे ‘बड़ी हानि’ बताते हुए कहा कि 30 साल पुराना सुंदर बोगनवेलिया पेड़ 100 साल पुराने देवदार के पेड़ पर उगा हुआ था। घटना में किसी संपत्ति या व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में टिड्डी दल को लेकर Viral Video का सच, DJ का प्रयोग क्यों फायदेमंद
पर्यटक इसे देखकर खुद को उसके पास जाने से नहीं रोक पाते थे
https://twitter.com/riteshbhatt/status/1280716586433691649
मई और जून माह में बोगनवेलिया में फूल खिलने पर यह बेहद आकर्षक लगता था। देवदार के विशाल पेड़ को ढके रहने वाला बोगनवेलिया मीलों दूर से भी साफ नजर आता था। इस मार्ग से जाने वाले लोग इस पेड़ में लिपटी बेल का दीदार करते हुए मंत्रमुग्ध हो जाते थे। इस पर लिपटी बेल और उस पर लगे बैगनी फूलों की खूबसूरती अल्मोड़ा की खूबसूरती को भी चारचांद लगाती थी। पर्यटक इसे देखकर खुद को उसके पास जाने से नहीं रोक पाते थे। वहीं जब लोगों को इस पेड़ के गिरने की जानकारी हुई तो वह पेड़ की झलक पाने के लिए मौके पर उमड़ पड़े। सोशल मीडिया में भी लोगों ने फोटो शेयर किये। लोगों में काफी मायूसी देखी गई। सौभाग्य से कोई पेड़ की चपेट में नहीं आया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। शहर के बुजुर्ग तो बोगनवेलिया और देवदार के पेड़ को इस हालत में देखकर भावुक हो गए।