- Advertisement -
शिमला। राजधानी में भारी बर्फबारी (Snowfall) के बाद अब सियासत भी शुरू हो गई है। युवा कांग्रेस (Youth Congress) चार दिन तक सड़कों से बर्फ नहीं हटाए जाने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं चलने के विरोध में खड़ी हो गई है। युकां के पदाधिकारी व कार्यकर्ता हाथों में गैंती और फावड़ा लेकर सड़क पर उतरे। गांधीगिरी का रास्ता अपनाते हुए डीसी के सरकारी आवास के पास सड़क पर जमी बर्फ को हटाया। युवा कांग्रेस (Youth Congress) जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बांस्तु की अध्यक्षता में यूथ कांग्रेस (Youth Congress) के कार्यकर्ताओं के एक दल ने शिमला के टका बैंच से बर्फ हटाने का अभियान शुरू किया।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बांस्तु ने सरकार पर लोगों की समस्याओं को लेकर बिल्कुल संजीदा नहीं होने के आरोप लगाए। वहीं, युवा कांग्रेस (Youth Congress) शहरी अध्यक्ष ने कहा कि आज तक के इतिहास में कभी ऐसा देखने को नहीं मिला कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन शहर और प्रदेश की राजधानी शिमला में 4 दिन बाद भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसती रही है। शहर की सड़कें शीशा बनने के बाद ना ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट शुरू हो पाया है और ना ही पैदल रास्ते लोगों के लिए बहाल किए जा सके हैं। बर्फ से शीशा बनी सड़कें अब जानलेवा साबित हो रही हैं।
इस दौरान गिरने से मौतें होने की भी जानकारी मिली है ।युवा कांग्रेस (Youth Congress) ने कहा कि इसके बाद उनके वालंटियर आईजीएमसी शिमला (IGMC Shimla) में भी ऐसा ही अभियान चलाने वाले हैं। क्योंकि सरकार ने इमरजेंसी रास्ते जो अस्पताल की तरफ जाते हैं, वह अब तक भी खोलने की जहमत नहीं उठाई है। शहर के निगम पार्षदों को छुट्टियां बिताने के लिए पोर्ट ब्लेयर जाने और अधिकारियों को छुट्टी पर भेजने को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
- Advertisement -