-
Advertisement
IGMC में 24 घंटों में 10 #Corona संक्रमितों की मौत, दाह संस्कार के लिए करना पड़ा इंतजार
शिमला। राजधानी शिमला के सबसे बड़े और कोविड अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में कोरोना संक्रमण (corona infected) से पिछले 24 घंटों में 10 लोगों की मौत हो गई है। जो कि अपने आप में एक रिकार्ड है। जिला में इससे पहले एक ही दिन में आठ लोगों की मौत हुई थी। एक साथ इतने लोगों की मौत (Death) के बाद उनका अंतिम संस्कार करने के लिए प्रशासन और नगर निगम के कर्मचारियों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ी। बता दें कि जिला प्रशासन ने कोरोना (Corona) से मरने वालों के अंतिम संस्कार के लिए कनलोग अंतिम धाम को केंद्र बनाया हुआ है। यहां एक साथ पांच लोगों का अंतिम संस्कार किया जा सकता है, लेकिन शुक्रवार को यहां एक साथ आए 10 शवों का अंतिम संस्कार (Funeral) करने में प्रशासन को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी। अंतिम संस्कार के लिए शवों को भी प्रतीक्षा सूची में रखना पड़ा। बता दें कि कनलोग अंतिम धाम में एक साथ पांच लोगों के दाह संस्कार की व्यवस्था है। ज्यादा लोगों की मौत होने पर घंटों दाह संस्कार के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इससे अस्पताल प्रशासन से लेकर नगर निगम के कर्मचारियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें: Breaking: #कोरोना संक्रमित का शव दोपहर तक ढूंढता रहा कंधे, कुछ ऐसी तस्वीर मिली है Shimla से

24 घंटों में इनकी हुई मौत
आईजीएमसी में पिछले 24 घंटों में 10 कोरोन संक्रमितों ने दम तोड़ा है। जिसमें एक गर्भवती महिला (Pregnant woman) भी शामिल है। महिला रामपुर (Rampur) की रहने वाली है। 30 वर्षीय महिला काफी दिन से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आइजीएमसी) में दाखिल थी। इसके अलावा कोरोना के अन्य नौ मरीजों ने भी 24 घंटे में दम तोड़ा है। इसमें रोहड़ू का 52 वर्षीय मरीज शामिल है। मरीज अस्पताल में 30 नवंबर को दाखिल करवाया गया था। मरीज कोविड व निमोनिया से पीड़ित था। किन्नौर जिले के रिकांगपिओ के रहने वाले 70 वर्षीय मरीज ने भी कोविड, निमोनिया और सांस की दिक्कत के चलते दम तोड़ दिया। मरीज नौ दिसंबर को किन्नौर से रेफर किया गया था। वहीं सिरमौर के नाहन के रहने वाले 42 वर्षीय मरीज ने भी कोरोना के गंभीर लक्षण के चलते दम तोड़ा है। मरीज को अस्पताल में 10 दिसंबर को दाखिल करवाया गया था। रोहड़ू के 66 वर्षीय मरीज ने कोविड व निमोनिया के चलते दम तोड़ दिया है। मरीज आठ दिसंबर से अस्पताल में दाखिल था और वह सांस की दिक्कत से जूझ रहा था। सिरमौर के रहने वाले 91 वर्षीय मरीज की भी कोविड व निमोनिया के चलते मौत हुई है। मरीज 10 दिसंबर से अस्पताल में दाखिल था। मरीज को छाती में इंफेक्शन था। शिमला के मतियाणा के रहने वाले 56 वर्षीय मरीज ने कोविड, निमोनिया और सडन कार्डिक अरेस्ट के चलते दम तोड़ दिया। मरीज सुबह ही अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। विकासनगर शिमला के रहने वाले 55 वर्षीय मरीज व टुटू की 57 साल की महिला ने कोविड व निमोनिया के चलते दम तोड़ दिया। इसके अलावा मंडी के छतरी इलाके का 53 वर्षीय मरीज भी मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। मरीज गंभीर संक्रमण से ग्रसित था।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


