-
Advertisement
पिता बेचते थे फल, बेटे ने खड़ी कर दी 400 करोड़ की कंपनी; ऐसे बदली किस्मत
Raghunandan Srinivas Kamath Success Story : मेहनत और पक्के इरादों से वो सब हासिल किया जा सकता है जिस के सपने इंसान देखता है। नेचुरल्स आइसक्रीम नाम की कंपनी के मालिक रघुनंदन श्रीनिवास कामथ की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। जिंदगी में कई चुनौतियों का सामना करने के बावजूद कामथ ने अपने सपनों को पूरा करने के लिए जमकर मेहनत की और फलस्वरूप आज वे करोड़ों रुपये का कारोबार चलाते हैं। कर्नाटक के पुत्तूर तालुका के एक छोटे से गांव के रहने वाले रघुनंदन श्रीनिवास कामथ के पिता फल बेचते थे। इनकी कहानी 1984 में एक छोटी सी दुकान से शुरू हुई और आज 135 दुकानों तक पहुंच गई है।
चार कर्मचारियों के साथ रखी नेचुरल्स आइसक्रीम की नींव
अपनी मां की सीख और पिता के फल चुनने की कला को मिलाकर रघुनंदन श्रीनिवास कामथ ने एक ऐसा ब्रांड बनाया, जो आज भारत के टॉप 10 कस्टमर एक्सपीरियंस ब्रांड्स में शुमार हो गया है। कामथ कर्नाटक के मैंगलोर से मुंबई आ गए और अपने भाई के साथ दक्षिण भारतीय रेस्टोरेंट में काम करना शुरू कर दिया। द बेटर इंडिया में छपी खबर के मुताबिक, रघुनंदन श्रीनिवास कामथ को अपना खुद का बिजनेस शुरू करने की प्रेरणा मिली। नतीजतन, उन्होंने 14 फरवरी, 1984 को सिर्फ चार कर्मचारियों और 10 आइसक्रीम फ्लेवर के साथ नेचुरल्स आइसक्रीम की नींव रखी। उन्होंने सिर्फ फल, दूध और चीनी का इस्तेमाल करके आइसक्रीम बनाई। नए ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कामथ ने मुख्य व्यंजन के तौर पर पाव भाजी और साइड आइटम के तौर पर आइसक्रीम बेचना शुरू किया। शुरुआत में स्टोर में 12 फ्लेवर उपलब्ध थे।
देशभर में 135 अलग-अलग जगहों पर दुकानें
अपने बेहतरीन स्वाद के कारण यह जल्द ही एक मशहूर आइसक्रीम पार्लर बन गया। कामथ ने मुंबई के जुहू में अपनी छोटी सी दुकान से पहले साल में 5 लाख रुपये कमाए। बाद में उन्होंने पाव भाजी बेचना बंद करने का फैसला किया। इसके बजाय अच्छी आइसक्रीम कंपनी स्थापित करने पर फोकस किया। उसके बाद कारोबार बढ़ता गया। अब उनके पास देशभर में 135 अलग-अलग जगहों पर दुकानें हैं। इन दुकानों पर 20 अलग-अलग फ्लेवर की आइसक्रीम बिकती हैं।
नकली रंग या फ्लेवर से दूरी बनाई
कामथ ने फल, दूध और चीनी को अपनाया। उन्होंने नकली रंग या फ्लेवर से दूरी बनाई। पहले साल में ही उनकी कमाई 5 लाख पहुंच गई। आज उनकी 20 टन आइसक्रीम रोजाना बिकती है और उनके पास 20 से अधिक फ्लेवर भी हैं। कामथ ने मार्केटिंग पर ज्यादा पैसे नहीं खर्च किए। ग्राहकों की राय से नए फ्लेवर लाए, जैसे आम पिकल को वाइल्ड आम नाम दिया। उनकी पत्नी अन्नपूर्णा और बेटे सिद्धांत और श्रीनिवास भी कंपनी में हैं। कंपनी का टर्नओवर नेचुरल्स आइसक्रीम की कमाई वित्त वर्ष 2024 में लगभग 380 करोड़ रुपये रहा है। ये आंकड़ा कंपनी की मजबूत ग्रोथ को दिखाता है। 70 साल की उम्र में नेचुरल्स आइसक्रीम के फाउंडर रघुनंदन श्रीनिवास कामथ का मई 2024 में निधन हो गया है।
पंकज शर्मा
