-
Advertisement
Cold Store में अमोनिया गैस लीक, 100 लोग प्रभावित, 50 बेहोश, 5 गंभीर
Last Updated on February 19, 2020 by
कुरुक्षेत्र। शाहाबाद-ठोल मार्ग पर गांव नलवी के पास कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस (Ammonia gas) लीक होने के कारण 100 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए। इनमें से 50 तो बेहोश ही हो गए। इन्हें शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया। यहां पांच लोगों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें कुरुक्षेत्र के लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस घटना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें: Pulwama में बड़ी कामयाबी : सुरक्षाबलों ने मार गिराए अंसार गज़वा उल हिंद के तीन Terrorist
प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि गांव नलवी के पास हरगोबिंद कोल्ड स्टोर (Cold Store) में रात साढ़े नौ बजे अमोनिया गैस लीक हुई। स्टोर के निकट पट्टी सुजानपुर डेरा बाजीगर के रहने वाले करीब 100 लोगों पर इसका असर हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ गई। वे उल्टी करने लगे और कई लोगों ने चक्कर आने की शिकायत की। गैस लीकेज से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये सभी दोनों गैस लीकेज के दौरान कमरे के अंदर ही रह गए थे। सूचना मिलते ही शाहाबाद के विधायक रामकरण काला, डीसी धीरेंद्र खड़गटा आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना बारे में जानकारी ली।
इस सूचना के मिलते ही तहसीलदार टीआर गौतम व शहरी चौकी प्रभारी सुनील वत्स मौके पर पहुंचे और तुरंत प्रभाव से मारकंडेश्वर मंदिर के सामने नाका लगाकर नलवी रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। उधर, गांव नलवी के पास भी नाका लगाकर यातायात बंद कर दिया गया। तहसीलदार टीआर गौतम ने बताया कि गैस रिसाव को रोकने के लिए टेक्निकल एक्सपर्ट से संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही गैस लीकेज बंद कर दी जाएगी। कोल्ड स्टोर में लगे अमोनिया गैस टैंक में करीब चार टन गैस होती है। ऐसा माना जा रहा है कि पूरी गैस रिसाव होने के बाद ही स्थिति काबू में आएगी।