-
Advertisement
Corona Update: हिमाचल में दो सगी बहनों सहित मंगलवार को 11 पॉजिटिव, 19 हुए ठीक
Last Updated on July 1, 2020 by
शिमला। हिमाचल में मंगलवार को अब तक कोरोना (Corona) के 11 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, आज 19 लोग ठीक हुए हैं। हिमाचल में मंगलवार को कांगड़ा और ऊना से चार-चार, हमीरपुर से दो और सोलन से एक मामला सामने आया है। वहीं, कांगड़ा (Kangra) के पांच, शिमला और सोलन से चार-चार, ऊना और चंबा से तीन-तीन ठीक हुए हैं। हिमाचल में कुल आंकड़ा 953 पहुंच गया है। अभी 357 एक्टिव केस (Active Case) हैं। अब तक 579 लोग ठीक हुए हैं। हिमाचल में आठ की मृत्यु हुई है। हमीरपुर जिला की एक बुजुर्ग महिला की मंगलवार को मेडिकल कॉलेज नेरचौक में मृत्यु हुई है। हिमाचल में अब तक 2117 सैंपल जांच को आए हैं। इसमें 1899 नेगेटिव रहे हैं। 211 की रिपोर्ट का इंतजार है। आज के सैंपल में 7 पॉजिटिव मामले हैं। बाकी पॉजिटिव मामले पेंडिंग सैंपल से हैं। हिमाचल में अब तक 79499 लोगों के सैंपल कोरोना जांच को लिए जा चुके हैं। इसमें 78335 नेगेटिव रहे हैं। 953 ही पॉजिटिव आए हैं। वहीं, अब तक 57858 लोगों को निगरानी पर रखा जा चुका है। इसमें 38944 लोग 28 दिन का निगरानी पीरियड पूरा कर चुके हैं। 18914 अभी निगरानी में हैं।
यह भी पढ़ें: Corona Breaking: कांगड़ा में सात और आठ साल के दो बच्चे पॉजिटिव
ऊना में चार नए मामले, दो की फॉलोअप रिपोर्ट नेगेटिव
ऊना में चार पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, 5 संक्रमितों के फॉलोअप में से 2 पॉजिटिव और 3 नेगेटिव पाए गए हैं। पहला मामला ऊना उपमंडल के संतोषगढ़ का है। दिल्ली से लौटा 51 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव आया है। वहीं ऊना मुख्यालय की चन्द्रलोक कॉलोनी की 29 और 25 वर्षीय दो सगी बहनें पॉजिटिव पाई गई हैं। यह दोनों परिवार सहित नोएडा से आई थीं। यह दोनों संस्थागत क्वारंटाइन (Institutional Quarantine) में हैं। चौथा पॉजिटिव मामला उपमंडल गगरेट के अंबोटा का है। दिल्ली से लौटी 31 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है। यह भी संस्थागत क्वारंटाइन में है। जिला में पॉजिटिव की कुल संख्या 108 हुई, जिसमें से 78 रिकवर हो चुके हैं और 30 एक्टिव केस हैं। वहीं, जिला में 4 माइग्रेटेड इन के मामले भी आए थे, जिसमें से 3 रिकवर हो चुके हैं और 1 एक्टिव है।
कांगड़ा जिला में 4 नए मामले, पांच हुए ठीक
कांगड़ा जिला में सात और आठ साल के दो मासूम कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। यह गांव व तहसील रक्कड़ के रहने वाले हैं। इसमें एक पहले से पॉजिटिव आए व्यक्ति का बेटा है और दूसरा भी परिवारिक सदस्य है। पॉजिटिव व्यक्ति एमएच योल में हैं। दोनों बच्चों को भी एमएच योल शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं, सरीमोलग जयसिंहपुर का 40 वर्षीय व्यक्ति और उनका 8 वर्षीय बेटा भी पॉजिटिव पाया गया है। यह 18 जून को दिल्ली (Delhi) से लौटे हैं। इन्हें कोविड केयर सेंटर बैजनाथ शिफ्ट किया जा रहा है। इसके अलावा लंबागांव का 34 वर्षीय युवक, बैजनाथ का 38 वर्षीय युवक ठीक हुए हैं। यह कोविड केयर सेंटर बैजनाथ में भर्ती थे। इसके अलावा एक साल की बच्ची भी कोरोना से जंग जीत गई है। जयसिंहपुर की 24 और 22 वर्षीय युवती भी ठीक हुई हैं। यह डाढ़ में भर्ती थीं। इन्हें कोविड केयर सेंटर से छुट्टी देकर घर भेजा जा रहा है। यह अगले सात दिन होम आइसोलेशन में रहेंगे।
हमीरपुर (Hamirpur) में टेड़ा नादौन का 10 वर्षीय बच्चा और भोरंज क्षेत्र के खरिगन की 23 वर्षीय युवती पॉजिटिव पाई गई है। 10 वर्षीय बच्चा दिल्ली से लौटा है और हमीरपुर में संस्थागत क्वारंटाइन में था। यह कोरोना पॉजिटिव का प्राइमरी कंटेक्ट था। वहीं युवती कजाकिस्तान से दिल्ली और दिल्ली से हमीरपुर लौटी थी। युवती भी संस्थागत क्वारंटाइन में थी।